नई दिल्ली/गंगटोक: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 मई से सिक्किम के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी, जिनमें सिक्किम विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह और भारत-चीन सीमा स्थित नाथुला का दौरा प्रमुख रूप से शामिल है।
26 मई को गंगटोक पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 मई की दोपहर गंगटोक स्थित लिबिंग आर्मी हेलिपैड पर पहुंचेंगी। इसके बाद वे लोक भवन जाएंगी और राजधानी गंगटोक में स्थित देउराली के नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी तथा रिज पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का भी भ्रमण करेंगी।
27 मई को नाथुला सीमा का दौरा
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति मुर्मू भारत-चीन सीमा के पास स्थित रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र नाथुला का भ्रमण करेंगी। इसके बाद वे सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस समारोह में वर्ष 2023, 2024 और 2025 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
28 मई को सिक्किम पुलिस परेड में होंगी शामिल
अपने दौरे के अंतिम दिन 28 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित सिक्किम पुलिस की परेड में शामिल होंगी। इसी दिन उनका तीन दिवसीय दौरा संपन्न होगा और वे राज्य से प्रस्थान करेंगी।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सिक्किम प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि दौरा सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
