इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से रविवार को बड़ी आतंकी घटना सामने आई है। प्रांतीय राजधानी क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विस्फोट उस समय हुआ, जब सेना के जवानों और उनके परिवारों को लेकर जा रही ट्रेन क्वेटा से पेशावर की ओर रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन क्वेटा के चमन पट्टाक इलाके में एक सिग्नल के पास पहुंची ही थी कि विस्फोटकों से भरे एक डिब्बे ने ट्रेन के एक कोच को टक्कर मार दी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।
सेना के जवान भी हादसे का शिकार
अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी और उनके परिजन सवार थे। बताया गया है कि जवान ईद की छुट्टियां मनाने अपने घर जा रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के डिब्बों के शीशे टूट गए और आसपास खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतरकर एक तरफ पलटा हुआ दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोग मलबे के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालते नजर आए। कई घायल यात्री खून से लथपथ हालत में स्ट्रेचर के जरिए अस्पताल पहुंचाए गए।
अस्पतालों में इमरजेंसी, बचाव अभियान जारी
धमाके के बाद क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में तत्काल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोट का असर आसपास की इमारतों तक महसूस किया गया। कई इमारतों की खिड़कियां और कांच के पैनल टूट गए।
पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस रोकी गई
रेलवे अधिकारियों ने एहतियातन पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया है। वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्रालय की ओर से सभी संबंधित एजेंसियों और संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने लोगों से अपील की है कि वे विस्फोट स्थल के आसपास भीड़ न लगाएं, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
पाकिस्तान रेलवे ने की घटना की निंदा
इस हमले को लेकर पाकिस्तान रेलवे की ओर से भी बयान जारी किया गया है। रेलवे मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रेल मंत्री ने क्वेटा विस्फोट की कड़ी निंदा की है। बयान में इसे कायराना आतंकवादी हमला बताते हुए कहा गया कि ऐसे हमले देश के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
बलूचिस्तान लंबे समय से अशांत
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन आर्थिक रूप से सबसे पिछड़ा प्रांत माना जाता है। यहां लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियां और हिंसक घटनाएं होती रही हैं। अलगाववादी संगठन पाकिस्तान सरकार पर प्राकृतिक गैस और खनिज संसाधनों के शोषण का आरोप लगाते रहे हैं।
