‘मेड इन इंडिया’ मंत्री अब कनाडा में! जानिए कौन हैं अनीता आनंद

साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

भारतवंशी अनीता आनंद को कनाडा की नई विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। यह फैसला तब आया है जब हाल ही में हुए आम चुनावों में लिबरल पार्टी की वापसी के बाद मार्क कार्नी प्रधानमंत्री बने हैं और उन्होंने नई कैबिनेट की घोषणा की है।

अरुणाचल संघर्ष का ऐतिहासिक सच और UPSC के लिए क्यों है अहम, MCQ Practice Set 

पूर्व विदेश मंत्री मेलानी जोली को इस बार उद्योग मंत्री बनाया गया है। वहीं अनीता आनंद, जो पहले रक्षा मंत्री जैसी अहम भूमिका निभा चुकी हैं, अब कनाडा की वैश्विक कूटनीति की नई चेहरा होंगी।

अनीता ने अपने बयान में कहा, “कनाडा के विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त होना मेरे लिए एक सम्मान है। मैं एक सुरक्षित, निष्पक्ष और सहयोगपूर्ण दुनिया बनाने के लिए कार्य करूंगी।”

कौन हैं अनीता आनंद?

नोवा स्कोशिया के केंटविल में पली-बढ़ी अनीता आनंद के माता-पिता मूलतः भारत से हैं, जो 1960 के दशक में नाइजीरिया से कनाडा आकर बस गए थे। पेशे से चिकित्सक रहे उनके माता-पिता ने उन्हें शिक्षा और सेवा की गहरी भावना दी।

अनीता ने ऑक्सफ़र्ड, डलहौज़ी और टोरंटो यूनिवर्सिटी से शिक्षा ली है और येल व क्वींस यूनिवर्सिटी में भी पढ़ाया है। 2019 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और ओकविल से सांसद बनीं।

कार्नी की कैबिनेट में आधी महिलाएं

मार्क कार्नी की नई कैबिनेट में 28 मंत्री और 10 राज्यमंत्री हैं, जिनमें आधी महिलाएं हैं। यह संतुलन पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो की कैबिनेट की तर्ज पर रखा गया है।

भारत-कनाडा संबंधों में नया अध्याय?

जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में भारत और कनाडा के रिश्तों में खटास आई थी, खासकर खालिस्तानी मुद्दे को लेकर। लेकिन पीएम मार्क कार्नी ने अपने चुनाव अभियान में रिश्तों को सुधारने की बात कही थी। विदेश मंत्री के तौर पर अनीता आनंद की नियुक्ति को भारत-कनाडा संबंधों में नई शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

जयशंकर की बधाई

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अनीता आनंद को बधाई देते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच रिश्तों को मज़बूत करने को लेकर आशान्वित हैं।

भारतवंशी महिला के रूप में अनीता आनंद की विदेश मंत्री के तौर पर नियुक्ति कनाडा की राजनीति में एक बड़ा बदलाव है। यह न केवल विविधता का संकेत है, बल्कि वैश्विक कूटनीति में भारतवंशियों की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।

चीन के नाम बदलने की चाल बेकार: भारत ने सिरे से खारिज किया दावा

Related posts