बाल दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में वामा सारथी वेलफेयर के तत्वावधान में खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ भव्य आयोजन…..

उन्नाव ।बाल दिवस के शुभ अवसर पर वामा सारथी वेलफेयर के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बीघापुर/ क्षेत्राधिकारी लाइन, उन्नाव द्वारा की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, कबड्डी प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा गायन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने सराहना की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।

अपने संबोधन में प्रदीप कुमार सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बीघापुर/ क्षेत्राधिकारी लाइन ने उपस्थित सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, शिक्षा, खेल एवं संस्कारों के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।


कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन महिला मुख्य आरक्षी दिव्या अवस्थी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक उन्नाव सचिन राय, वामा सारथी टीम से उपनिरीक्षक शमीम खान, वेलफेयर प्रभारी उपनिरीक्षक विमलेश शुक्ल, आरक्षी अजय कुमार, महिला आरक्षी संयोगिता शुक्ला, महिला आरक्षी कोमल शर्मा तथा प्रभारी परिवार समिति श्री आशीष श्रीवास्तव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Related posts