बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

नई दिल्ली: देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है और मौसम विभाग ने 6 जुलाई को कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में देश के शेष हिस्सों को भी कवर कर सकता है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक 6 और 7 जुलाई को ओडिशा, गुजरात, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र में तेज हलचल की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए मछुआरों को गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में 8 जुलाई तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, मेरठ, आगरा, उन्नाव और कानपुर समेत कई जिलों में 6 से 8 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली में भी बरसेंगे बादल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी का अनुमान जताया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे उमस से राहत मिलने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतरा

हिमाचल प्रदेश में 6 से 10 जुलाई तक कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, हमीरपुर और बिलासपुर में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, 7 जुलाई के लिए कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी तेज बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम

बिहार के पटना, पूर्णिया, दरभंगा, गया, भागलपुर, सीतामढ़ी और समस्तीपुर सहित कई जिलों में 6 से 8 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह, गोड्डा और दुमका में 7 और 8 जुलाई को मध्यम से भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, राजस्थान के उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में 6 से 10 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Related posts