मौनी रॉय को तलाक में कितनी एलिमनी? सूरज नांबियार ने तोड़ी चुप्पी, अफवाहों पर दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली: अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। दोनों के अलग होने की खबरों के बीच एलिमनी, विवाद और तीसरे व्यक्ति की एंट्री को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। अब इन सभी अफवाहों पर खुद सूरज नांबियार ने सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

सूरज नांबियार ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी करते हुए साफ कहा कि उनके और मौनी रॉय के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है और न ही तलाक में कोई एलिमनी तय की गई है।

‘न कोई एलिमनी, न कोई विवाद’

सूरज नांबियार ने अपने बयान में लिखा कि उनके अलगाव को लेकर जो रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद और गलत हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बार और हमेशा के लिए साफ कर देना चाहते हैं कि इस रिश्ते में न कोई गुजारा भत्ता यानी एलिमनी शामिल है, न कोई लड़ाई और न ही कोई तीसरा व्यक्ति।

उन्होंने कहा कि दोनों ने आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भलाई को ध्यान में रखते हुए अलग होने का फैसला लिया है।

‘बाकी सब मनगढ़ंत कहानियां’

सूरज ने अपने पोस्ट में मीडिया रिपोर्ट्स पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि कई कहानियां पूरी तरह से बनाई गई हैं और कुछ मामलों में यह दो लोगों की छवि खराब करने की कोशिश जैसी लगती हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों सिर्फ अपनी जिंदगी में शांति चाहते हैं, लेकिन अफवाहों ने स्थिति को बेवजह विवादित बना दिया है।

तीसरे व्यक्ति की चर्चा पर भी दिया जवाब

सोशल मीडिया पर मौनी और सूरज के रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री को लेकर भी कई तरह की बातें कही जा रही थीं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सूरज ने साफ कहा कि किसी भी तीसरे व्यक्ति को इस मामले में घसीटना गलत है।

उन्होंने कहा कि कुछ निर्दोष दोस्तों के नाम भी बिना वजह इस विवाद में जोड़े जा रहे हैं, जबकि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

‘हमें थोड़ा स्पेस दें’

सूरज नांबियार ने कहा कि उन्होंने और मौनी रॉय ने इस पूरे दौर को गरिमा के साथ संभाला है और उम्मीद करते हैं कि मीडिया और लोग भी उनके निजी फैसले का सम्मान करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी जॉइंट स्टेटमेंट में जरूरी बातें पहले ही कही जा चुकी हैं और अब वह चाहते हैं कि दोनों को शांति से आगे बढ़ने के लिए थोड़ा स्पेस दिया जाए।

4 साल बाद अलग हो रहे हैं मौनी और सूरज

मौनी रॉय और सूरज नांबियार की शादी साल 2022 में हुई थी। दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी के बंधन में बंधे थे। हालांकि अब शादी के करीब चार साल बाद दोनों के अलग होने की खबरों ने फैंस को हैरान कर दिया है।

फिलहाल सूरज के बयान के बाद इतना साफ हो गया है कि दोनों के बीच तलाक को लेकर चल रही कई चर्चाएं सिर्फ अफवाह थीं।

 

Related posts