एटा डबल मर्डर का खौफनाक खुलासा: पति ने पहले दी थी हत्या की सुपारी, फिर पिता संग मिलकर पत्नी और सास को हथौड़े से मार डाला

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा में मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। आरोप है कि महिला के पति ने अपने पिता के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और वारदात से पहले एक युवक को हत्या की सुपारी भी दी गई थी। इसके बाद सोमवार रात पति ने पीछे का दरवाजा खोलकर पिता और कथित सुपारी वाले युवक को घर के अंदर बुलाया। महिला के जागने और विरोध करने पर पति ने हथौड़े से पत्नी और उसकी मां के सिर पर वार कर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फर्श धोकर मौके से फरार हो गए।

कई दिनों से बनाई जा रही थी हत्या की योजना

पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या की योजना कई दिनों से बनाई जा रही थी। आरोप है कि पति और उसके पिता ने महिला को रास्ते से हटाने के लिए एक युवक को हत्या की सुपारी दी थी। बताया जा रहा है कि वह युवक पिछले कुछ दिनों से अवागढ़ में रह रहा था।

परिवार में आए दिन होने वाले विवाद और पत्नी के गांव में नहीं रहने को लेकर पिता-पुत्र परेशान थे। इसी के बाद हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और सुपारी देने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में होने की उम्मीद है।

पीछे का दरवाजा खोलकर घर में बुलाया था

सोमवार रात वारदात के दौरान पति ने घर का पिछला दरवाजा खोला और पिता समेत दोनों लोगों को अंदर बुलाया। तीनों के घर में पहुंचते ही महिला की नींद खुल गई। सामने ससुर और एक अनजान युवक को देखकर उसने विरोध शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर पास में रखा हथौड़ा पति ने उठा लिया। आरोप है कि उसने पत्नी के सिर पर कई वार किए। इसके बाद उसकी मां के सिर पर भी हथौड़े से हमला किया गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद फर्श धोया और भाग निकले आरोपी

दोनों महिलाओं की हत्या के बाद आरोपियों ने घर में लगे समर से पानी चलाकर फर्श धोया। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। घर में मौजूद बच्चों ने मां और नानी की हत्या अपनी आंखों के सामने देखी।

बच्चों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि दादा ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। इससे बच्चे डर गए और कमरे में ही सहमे रहे। बाद में किसी तरह एक बच्चा घर से बाहर निकलने में सफल हुआ और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

बच्चों की आंखों के सामने हुई मां और नानी की हत्या

घटना के समय घर में मौजूद बच्चे बुरी तरह सहम गए। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग भी जाग गए थे। बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां और नानी को आंखों के सामने मरते देखा।

परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, यह विवाद इस हद तक बढ़ जाएगा और मां-बेटी की हत्या कर दी जाएगी, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। घटना के बाद बच्चे सदमे में हैं और वारदात के दृश्य उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।

पुलिस ने पति, दादा और अज्ञात के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

एटा के एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि यादवनगर मोहल्ले में मां-बेटी की हत्या हुई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

मामले में मृतका की बेटी ने आरोपी पिता, दादा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्या की साजिश, सुपारी दिए जाने और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद हत्या की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है।

Related posts