Gorakhpur News: दूसरी जाति में प्रेम विवाह के दो महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में मिला शव

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक संविदाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बेतियाहाता इलाके में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के अंदर चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी 21 वर्षीय मुकेश पासवान के रूप में हुई है। वह नगर निगम में आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कूड़ा वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ड्राइविंग सीट पर फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, बुधवार को मुकेश की ड्यूटी वाली कूड़ा उठाने की गाड़ी बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में खड़ी मिली। वाहन की ड्राइविंग सीट पर उसका शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो महीने पहले की थी प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार, मुकेश ने करीब दो महीने पहले दूसरी जाति की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह का दोनों परिवारों ने विरोध किया था। शादी के बाद दोनों गांव छोड़कर शहर में किराये के मकान में रहने लगे थे।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पत्नी पति का शव देखकर बेसुध हो गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शादी के बाद दंपति को किसी प्रकार की धमकी मिली थी या घटना से पहले कोई विवाद हुआ था।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के पिता मनोज पासवान ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मुकेश की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को नगर निगम के वाहन में रखकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों ने गर्दन पर मिले निशानों का हवाला देते हुए गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related posts