Noida News: सेक्टर-63 में बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटा, 5 लोग झुलसे, स्कूटी में लगी आग

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित छिजारसी कॉलोनी में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। करंट लगने से एक स्कूटी में भी आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

स्कूटी सवारों पर गिरा हाईटेंशन तार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात तीन लोग स्कूटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया। तेज करंट की चपेट में आने से स्कूटी सवार तीनों लोगों के अलावा आसपास मौजूद दो अन्य लोग भी झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करंट की वजह से स्कूटी में आग लग गई, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया।

इन लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान 15 वर्षीय निधि, 17 वर्षीय प्रिया, 38 वर्षीय मुकेश राम, 41 वर्षीय पवित्र और रवि चौधरी के रूप में हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें रवि चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन का उचित रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। यदि समय रहते लाइन की जांच और मरम्मत की जाती, तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन का तार किन परिस्थितियों में टूटा। जांच के दौरान बिजली विभाग की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

 

Related posts