लखनऊ में इकाना स्टेडियम तक पहुंचा गोमती का पानी, अंडरपास जलमग्न; आज भारत-वेस्टइंडीज टी-20, बढ़ी चिंता

लखनऊ: राजधानी में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का असर अब इकाना स्टेडियम के आसपास भी दिखाई देने लगा है। शहीद पथ के नीचे बने अंडरपास में सोमवार को काफी पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। खास बात यह है कि मंगलवार यानी आज इसी इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला होना है।

गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है। इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ के नीचे बने अंडरपास में नाले के जरिए पानी पहुंचा और देखते ही देखते वहां जलभराव हो गया। आसपास के दूसरे अंडरपास भी इसकी चपेट में आए हैं।

कई अंडरपास में भरा पानी, पंप लगाए गए

भागीदारी भवन और अंबेडकर स्मारक के पास से जी-20 रोड की ओर जाने वाले मार्ग के अंडरपास में भी पानी भर गया। स्थिति की जानकारी मिलने पर नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच में सामने आया कि इकाना क्षेत्र में एक नाले के जरिए पानी पहुंच रहा है। जल निकासी के लिए कई पंप लगाए गए हैं।

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से राजधानी के कई इलाकों में पहले से ही बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अब इकाना क्षेत्र में पानी पहुंचने से मंगलवार को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मैच को लेकर भी स्थिति पर नजर बनी हुई है।

इमार गोमती ग्रीन्स के विद्युत उपकेंद्र पर भी खतरा

इमार गोमती ग्रीन्स सोसायटी के पास नाले में पानी लगातार बढ़ रहा है। इससे सोसायटी के विद्युत उपकेंद्र में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। उपकेंद्र को सुरक्षित रखने के लिए उसके चारों ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

जलस्तर बढ़ने के कारण सोसायटी के लोगों की चिंता बिजली आपूर्ति को लेकर भी बढ़ गई है। सोसायटी प्रबंधन अपने स्तर से सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम कर रहा है।

20 ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति बंद

गोमती का जलस्तर बढ़ने के बाद जलभराव के चलते सोमवार को फैजुल्लागंज, दाउद नगर, कुड़ियाघाट, गऊघाट, गुलालाघाट और मिश्रीबाग में 20 ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।

मुख्य अभियंता के मुताबिक ट्रांसफार्मरों के आसपास पानी भरने से शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने की गंभीर आशंका थी। इसके चलते पवन विहार, भार्गव कॉलोनी और गणेश विहार ब्लॉक-जे में लगे 400 केवीए तथा शिल्पी के पास स्थापित 100 केवीए ट्रांसफार्मर बंद कर दिए गए। इससे गणेश विहार, अन्नपूर्णा नगर और शिल्पी स्कूल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

जनेश्वर मिश्र पार्क जाने वाला रास्ता बंद

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से गोमतीनगर के दयाल पैराडाइज चौराहे पर बना नाला भी उफनाने लगा। सोमवार दोपहर बाद अचानक नाले का पानी बैक फ्लो होने से जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-2 की ओर जाने वाले रास्ते पर जलभराव हो गया।

इसके बाद आम लोगों के लिए यह मार्ग बंद कर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को सूचना देते हुए वाहन चालकों से पार्क के गेट नंबर-2 की ओर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की।

मिश्री बाग में छह हजार की आबादी जलभराव से परेशान

मल्लाही टोला के मिश्री बाग में करीब छह हजार की आबादी जलभराव से परेशान है। नगर निगम ने पानी निकालने के लिए यहां आठ पंप लगाए हैं, लेकिन सोमवार को मौके पर चार पंप ही चलते मिले।

पंपों के जरिए कॉलोनी का पानी निकालकर नाले में डाला जा रहा है। लेकिन करीब 50 मीटर दूर खुले नाले से पानी वापस कॉलोनी की ओर लौट रहा है। ऐसे में एक तरफ बड़े पंपों से पानी निकालने की कोशिश की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ नाले का पानी दोबारा उसी इलाके में पहुंच रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नाला बंद नहीं होने के कारण जल निकासी की पूरी व्यवस्था प्रभावी नहीं हो पा रही है। पंप से बाहर निकाला गया पानी नाले के रास्ते फिर कॉलोनी में लौट रहा है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।

Related posts