टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत समिति सदस्य चुनाव का परिणाम आने के कुछ ही घंटों बाद करीब 50 रोड लाइटें हटाए जाने का मामला सामने आया है। ये लाइटें दीपावली से पहले कई गांवों और ढाणियों में लगाई गई थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा की चुनाव में हार के बाद बिजली निगम की टीम ने सभी लाइटें उतरवा लीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी है और मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद लाइटें हटाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी प्रियंका शर्मा पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 से भाजपा प्रत्याशी थीं। ग्रामीणों और वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत का कहना है कि दीपावली से पहले प्रियंका शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई गई थीं।
इन लाइटों के लगने से रात के समय अंधेरे में आने-जाने वाले लोगों को राहत मिली थी। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित हुए और प्रियंका शर्मा चुनाव हार गईं। इसके कुछ घंटे बाद ही शाम को बिजली निगम पीपलू की टीम वाहन लेकर पहुंची और एक-एक करके लाइटें खोलकर अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों ने कहा- चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात
अचानक रोड लाइटें हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने इसे ‘चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात’ बताया। उनका कहना है कि लाइटें लगने के बाद गांवों में रात के समय आवाजाही आसान हो गई थी और लोगों को अंधेरे से राहत मिली थी। अब लाइटें हटने से एक बार फिर पहले जैसी परेशानी शुरू हो गई है।
ग्रामीणों के विरोध पर बिजली निगम की ओर से बताया गया कि ये लाइटें नियमों के खिलाफ और अवैध तरीके से लगाई गई थीं। विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर लगाई गई लाइटों को हटाना उसकी कार्रवाई का हिस्सा है।
बिजली निगम बोला- अवैध लाइटों पर होगी कार्रवाई
बिजली निगम पीपलू के सहायक अभियंता (AEN) गोवर्धन चौधरी ने कहा कि जहां भी अवैध रूप से लाइटें लगाई गई हैं, वहां विभाग की टीम भेजकर उन्हें हटाया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध लगाए गए उपकरणों पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पूछा- पहले क्यों नहीं रोकी गईं लाइटें?
लाइटें हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर ये लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं, तो इन्हें लगाने के समय ही विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की? दीपावली से पहले जब गांवों में लाइटें लगाई जा रही थीं, तब अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश क्यों नहीं की?
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या लाइटें हटाने का फैसला किसी दबाव में लिया गया है। उनका दावा है कि क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की लाइटें लगी हुई हैं। ऐसे में विभाग को सभी जगह एक समान नियमों के तहत कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल करीब 50 रोड लाइटें हटाए जाने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
