संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की सुनी समस्याएं……

उन्नाव।बांगरमऊ तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन संबंधी विवादों की भरमार रही। एडीएम सुशील कुमार और एसपी जयप्रकाश सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश शिकायतें भूमि पर कब्जा, चकबंदी, फसल और राजस्व से जुड़ी रहीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।


दरगाह शरीफ निवासी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि ग्राम जिरिकपुर में उसकी भूमि है। चकबंदी के बाद चक कहां बना, इसकी जानकारी नहीं है। उसकी जोत की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया एडीएम ने जांच का आश्वासन दिया।सुल्तानपुर निवासी सूर्यकांत ने बताया कि पड़ोसी की जर्जर दीवार से जान-माल का खतरा है।

शिकायत पर पड़ोसी गाली-गलौज करता है। पहले एसडीएम और लेखपाल को प्रार्थना पत्र देने पर भी समाधान नहीं हुआ। गाजीपुर निवासी रामरति ने बताया कि 2025 में सड़क हादसे में बेटे की मौत के बाद कृषक दुर्घटना बीमा के लिए आवेदन स्वीकृत होने के बाद भी राशि नहीं मिली। एडीएम ने एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। अलौलापुर निवासी अमित कुमार ने विवादित भूमि पर फसल कुर्क के आदेश के बावजूद जबरन बुवाई का आरोप लगाया।

टांडा सातन निवासी भोला प्रसाद ने सुविधा शुल्क न देने पर मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन बंद करने का आरोप लगाया।

एडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिया। पपरिया खेड़ा निवासी प्रियंका ने बताया कि 11 अगस्त को नशे में आए युवक ने दुकान पर गाली-गलौज व कार क्षतिग्रस्त की। राजेपुर चौकी और थाने में शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। एसपी ने जांच के निर्देश दिए। सहरिया सलेमपुर निवासी कैलाश और गोवर्धन ने बाढ़ राहत राशि अपात्रों को देने का आरोप लगाया।


वहीं बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामभरोसे वर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एडीएम को ज्ञापन देकर उपनिबंधक कार्यालय से आने वाली दाखिल-खारिज पत्रावलियों में धन न देने पर निरस्त करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। समाधान दिवस में आई 123 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सहित सभी विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts