डायट प्रवक्ता दिनेश कुमार को स्क्रिप्ट समीक्षा की जिम्मेदारी, प्रदेश के 25 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
उन्नाव । पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों पर प्रसारण के लिए शैक्षिक वीडियो तैयार करने की चार दिवसीय कार्यशाला सोमवार से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), लखनऊ में शुरू हुई। 12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यशाला के द्वितीय चरण में प्रदेश के 25 चयनित प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यशाला के पहले दिन कुछ शिक्षकों के वीडियो प्रोजेक्ट की शूटिंग भी की गई।
इसमें उन्नाव के शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को कक्षा छह के गणित विषय के ‘सममितता’ पाठ पर आधारित वीडियो की स्क्रिप्ट तैयार करने और शूटिंग से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वीडियो स्क्रिप्ट की समीक्षा के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रवक्ता दिनेश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। जनपद के शिक्षक का प्रदेश स्तर पर डिजिटल शैक्षिक सामग्री निर्माण में योगदान उन्नाव के लिए गौरव की बात है।
कार्यशाला में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के दिशा-निर्देशों और एससीईआरटी के मार्गदर्शन में वीडियो निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, शैक्षिक प्रस्तुतीकरण तथा तकनीकी पहलुओं पर कार्य किया जा रहा है। तकनीकी कार्यों के संपादन की जिम्मेदारी कमल किशोर, आशीष दीक्षित आदि संभाल रहे हैं, जबकि स्क्रिप्ट संबंधी निर्देश देने का दायित्व आशुतोष श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ प्रवक्ताओं के पास है।
एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन कुमार द्वारा निर्गत पत्र के अनुसार, कार्यशाला 12 से 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी निर्धारित पाठ्यवस्तु के आधार पर शैक्षिक वीडियो तैयार कर रहे हैं। तैयार वीडियो पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों पर प्रसारित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को गणित सहित विभिन्न विषयों की अवधारणाएं सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
