सरकारी संपत्तियों एवं सेल्फी प्वाइंट पर व्यावसायिक विज्ञापनों के स्टिकर लगा कर गंदा करने वालों पर रोक लगाने की मांग– जिलाधिकारी को दिया गया ज्ञापन ।
उन्नाव । भारत उन्नयन समिति स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समर्पित होकर कई वर्षों से लगातार आम जन मानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न प्रकार के स्वच्छता कार्यक्रमों और गोष्ठियों के आयोजन करती चली आ रही है ।
महा पुरुषों की जयंतियों पर भी संस्था के पदाधिकारी गण सार्वजनिक स्थलों पर पहुंच कर अपने अपने हाथों से झाड़ू लगाकर सफाई करते रहते हैं ।
उन्नाव जनपद में स्वच्छता का दीप जलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र (शैलेन्दु )पाण्डेय अपने सहयोगी समाज सेवी शिव नारायण सिंह,डॉ० अंशुमन अग्निहोत्री, हिमांशु शर्मा,सौरभ राज भारती, विकास नारायण गुप्त आदि को लेकर उन्नाव शहर के निराला उद्यान के ठीक सामने बने सेल्फी प्वाइंट पर सैकड़ो की संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के चिपके स्टीकर्स को पानी डाल-डाल करके छुड़ाया था उस सेल्फी प्वाइंट पर कुछ ऐसे स्टिकर्स शेष रह गए थे जिनमें फेविकोल लगा था उनको तुरंत नहीं छुड़ाया जा सका था संस्था जब इन शेष स्टिकर्स को छुड़ाने दूसरे दिन गई तो देखा कि इसी सेल्फी प्वाइंट पर फिर से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्टीकर्स लगाए जा चुके थे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्टीकर्स लगे होने से सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता प्रभावित हो रही है तथा स्वच्छता एवं जनहित के प्रयासों को भी नुकसान पहुंच रहा है ।
सार्वजनिक स्थलों,सरकारी संपत्तियों तथा सेल्फी प्वाइंट की स्वच्छता तथा सुंदरता बनाए रखने के लिए आज संस्था परिवार ने उन्नाव जिला अधिकारी महोदय को ज्ञापन देकर मांग की है कि सार्वजनिक स्थलों,सरकारी संपत्तियों,सेल्फी प्वाइंट पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्टीकर्स लगाने पर रोक लगाई जाए ज्ञापन देने वालों में समिति के महेन्द्र शंकर त्रिपाठी वरिष्ठ अधिवक्ता, डॉ०अंशुमान अग्निहोत्री,सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र पाण्डेय,विकास नारायण गुप्त आदि रहे ।
समिति ने जिलाधिकारी महोदय से मांग की है कि सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी संपत्तियों पर अनधिकृत रूप से विज्ञापन संबंधी स्टिकर लगाने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता एवं स्वच्छता बनी रहे ।
