उन्नाव ITI में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदर्शनी का उद्घाटन, विधायक पंकज गुप्ता ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
उन्नाव ।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सदर विधायक पंकज गुप्ता ने प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य आशीष कुमार कौशिक ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर विधायक का स्वागत किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी प्रोजेक्ट एवं रचनात्मक कार्यों का अवलोकन करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने उनकी मेहनत, तकनीकी दक्षता और नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल हासिल करने पर भी ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही संस्थान में बैडमिंटन खेल का शुभारंभ किया और स्वयं बैडमिंटन खेलकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेलकूद शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आशीष कुमार कौशिक, कार्यदेशक सरोज कुमार, एनसीसी प्रभारी रविरंजन, अनुदेशक अतुल अवस्थी, पंकज यादव, संकेत कुमार, हेमलता, अंजू तिवारी सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
