गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया गया है।
गोरखनाथ मंदिर से शुरू होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां से उनके कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद वे अपराह्न 3.25 बजे प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल होंगे, जिनमें शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, इंजीनियर और सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
गोड़धोइया नाला प्रोजेक्ट का करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री का सबसे अहम कार्यक्रम गोड़धोइया नाला पुनर्विकास परियोजना का निरीक्षण रहेगा। करीब 9.25 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के लगभग आधे हिस्से को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। 495.24 करोड़ रुपये की इस योजना में नाले का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन का कुछ हिस्सा अभी बाकी है, जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। एसटीपी और एमपीएस का निर्माण कार्य भी पूरा कर ट्रायल रन चल रहा है।
प्रशासनिक तैयारियों की हुई समीक्षा
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और सड़क सुधार के निर्देश दिए। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया है।
जनसंवाद और विकास योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रबुद्धजन सम्मेलन के बाद जनसंवाद करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे। कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास भी प्रस्तावित
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान शनिवार को तालनदोर में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा कई अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
