सीएम योगी का महाराजगंज दौरा, ₹203 करोड़ की 79 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज महाराजगंज जिले के दौरे पर हैं, जहां वे करीब ₹203 करोड़ की लागत से तैयार 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री इसके बाद एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

विकास और जनकल्याण पर केंद्रित रहेगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि महाराजगंज की पावन धरती पर ₹203 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं के जरिए विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए अध्याय को गति मिलेगी। इस अवसर पर लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा, जिससे आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

नौतनवा में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे सीएम
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास करीब 11 बजे पहुंचेंगे। यहां वे स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव निर्मित आवास पर आयोजित गृहप्रवेश कार्यक्रम और सुंदरकांड पाठ में भी शामिल होंगे।

इसके बाद सीएम गोरखपुर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां सुशासन और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही अमृत 2.0 कार्यक्रम के तहत विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बॉर्डर क्षेत्र हाई अलर्ट पर
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत सख्त कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल को 7 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा में एक अपर पुलिस अधीक्षक, 8 क्षेत्राधिकारी, 18 प्रभारी निरीक्षक, 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 650 मुख्य आरक्षी, 60 महिला आरक्षी, 18 फायर ब्रिगेड टीम और दो कंपनी पीएसी बल की तैनाती की गई है।

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

 

Related posts