** प्रदेश स्तर पर जनपद को 06वीं रैंकिंग प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने दी अधिकारियों को बधाई…..
** आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण पर शीर्षतम स्तर तक तय होगी जिम्मेदारी….
** आईसीडीएस की स्टाल पर डीएम ने चखा पोषणयुक्त हलुवा व नमकीन दलिया, परखा स्वाद और गुणवत्ता को…..
** जिलाधिकारी ने किया तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग, शिकायतें सुन निस्तारण के दिए निर्देश……..
** समस्त विभागीय अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण करना सुनिश्चित करें………
तहसील झाॅसी सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉक्टर अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और शिकायतों को सुन समय से गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
झांसी । तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस की गंभीरता का प्रत्येक अधिकारी को बोध होना जरूरी है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस शामिल है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता होने पर शीर्षतम स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरण, जिनमें हदबंदी के उपरान्त पत्थरगड्डी की कार्यवाही पूर्ण होने के बावजूद राजस्व टीम द्वारा पुनः जांच कराई जा चुकी है और इसके बाद भी अपचारी द्वारा बार-बार पत्थर उखाड़े जाने की शिकायत प्राप्त हो रही है, ऐसे समस्त प्रकरणों को राजस्व ग्रामवार सूचीबद्ध करते हुए नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यदि ऐसे व्यक्तियों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर भी कब्जा किया गया है और आमजनमानस को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, तो ऐसे व्यक्तियों को नियमानुसार भू-माफिया के रूप में चिन्हित करने की कार्यवाही की जाए।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के अन्तर्गत ऐसी प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित होने से प्रशासन की कार्यवाही के प्रति आमजनमानस में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने समस्त अधिकारियों को जनपद की आई0जी0आर0एस0 रैंकिंग में सुधार करते हुए प्रदेश स्तर पर जनपद को 06वीं रैंकिंग प्राप्त होने पर बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
अतः ऐसे प्रकरण, जिनमें असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुआ है, उनमें शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी शिकायत को भली-भांति समझा जाए। यदि शिकायत का निस्तारण नियमानुसार एवं सही ढंग से किया गया है, फिर भी शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है, तो भली-भांति अवगत कराया जाए। साथ ही, लंबित शिकायतों का भी गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का सही एवं समयबद्ध निस्तारण हो तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, यह IGRS की मूल भावना है।विभागीय अधिकारियों द्वारा आई.जी.आर.एस. की उक्त मूल भावना को ध्यान में रखते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग न करने वाले अधिकारियों को सूचीबद्ध करते हुए उनका स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने हेतु अवगत कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व तहसील प्रांगण में आईसीडीएस विभागों द्वारा लगाई गई स्टाल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की स्टाल पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2023 के अनुरूप नवीन रेसिपी से बने व्यंजन को चखा। उन्होंने पोषणयुक्त व्यंजन की जानकारी ली और मौके पर हलुआ व नमकीन दलिया खाकर गुणवत्ता और स्वाद की जांच की।
