‘सहर होने को है’ में बड़ा ट्विस्ट! ऋषिता कोठारी ने छोड़ा शो, अब कहानी में आएगा 6 साल का लीप

मुंबई: टीवी इंडस्ट्री का चर्चित शो ‘सहर होने को है’ पिछले कई दिनों से लगातार विवादों की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। शो के लीड एक्टर्स पार्थ समथान और ऋषिता कोठारी के बीच कथित अनबन की खबरों के बाद अब एक और बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शो की लीड एक्ट्रेस ऋषिता कोठारी ने सीरियल को अलविदा कह दिया है।

हालांकि इससे पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि पार्थ समथान शो छोड़ सकते हैं, लेकिन बाद में यह केवल अफवाह साबित हुई। वहीं अब ऋषिता कोठारी के शो से बाहर होने की खबर ने फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है।

विवाद के बाद लिया शो छोड़ने का फैसला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेट पर हुए विवाद के बाद ऋषिता कोठारी ने शो छोड़ने का फैसला लिया। बताया जा रहा है कि उनके बाहर होने के बाद मेकर्स अब कहानी को पूरी तरह नए मोड़ पर ले जाने की तैयारी में हैं।

सूत्रों के मुताबिक शो में जल्द ही 6 साल का लीप आने वाला है, जिसके बाद कहानी नए अंदाज में आगे बढ़ेगी। हालांकि ऋषिता के किरदार का अंत किस तरह होगा, इसे लेकर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि लीप के बाद शो को टीआरपी के आधार पर कुछ महीनों का समय दिया जाएगा। यदि शो की रेटिंग में सुधार नहीं होता है तो मेकर्स इसे बंद करने का फैसला भी ले सकते हैं।

फैंस को लगा बड़ा झटका

ऋषिता कोठारी के शो छोड़ने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई दर्शकों ने कमेंट्स के जरिए अपना दुख जाहिर किया है। फैंस का कहना है कि शो की मौजूदा कहानी और स्टारकास्ट को काफी पसंद किया जा रहा था, ऐसे में ऋषिता का बाहर होना बड़ा झटका है।

पार्थ समथान के पोस्ट से शुरू हुआ था विवाद

दरअसल पूरे विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी जब पार्थ समथान ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का ऐलान किया था। अपने पोस्ट में अभिनेता ने दावा किया था कि उनके खिलाफ कुछ लोग नेगेटिव पीआर करवा रहे हैं।

हालांकि पार्थ ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गईं कि यह मामला ऋषिता कोठारी के बॉयफ्रेंड मृदुल मीना से जुड़ा हो सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया।

बाद में ऋषिता कोठारी और उनके बॉयफ्रेंड की ओर से भी सोशल मीडिया पोस्ट सामने आए, जिसके बाद मामला और गर्मा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसी विवाद के चलते सेट पर भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी और कुछ समय के लिए शूटिंग तक रोक दी गई थी।

हालांकि बाद में पार्थ और ऋषिता ने पेशेवर रवैया अपनाते हुए साथ शूटिंग जारी रखी, लेकिन अब आखिरकार ऋषिता कोठारी ने शो छोड़ने का फैसला कर लिया है।

अब लीप के बाद बदलेगी कहानी की दिशा

मेकर्स अब शो को नए ट्रैक के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि 6 साल के लीप के बाद कहानी में कई नए किरदार और ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं।

फिलहाल दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि ऋषिता कोठारी के किरदार का अंत किस तरह दिखाया जाएगा और लीप के बाद शो दर्शकों को कितना पसंद आता है।

 

Related posts