योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन! यूपी में 15 IPS अधिकारियों के तबादले, लखनऊ-प्रयागराज समेत कई अहम पदों पर बदलाव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। मंगलवार को जारी सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल में तरुण गाबा, अमरेंद्र के. सेंगर, पीयूष मोर्डिया, नवीन अरोरा, जोगेंद्र कुमार और अनूप कुमार सिंह समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे पहले सोमवार देर रात प्रदेश सरकार ने 41 पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए थे।

लखनऊ और प्रयागराज समेत कई अहम पदों पर बदलाव

जारी आदेश के अनुसार, तरुण गाबा को पुलिस आयुक्त, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। वहीं पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन से स्थानांतरित कर पुलिस आयुक्त, प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट बनाया गया है। जोगेंद्र कुमार को प्रयागराज पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक, पीटीएस मुरादाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

सरकार ने मुथा अशोक जैन को गोरखपुर जोन से स्थानांतरित कर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया है। अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस आयुक्त, लखनऊ के पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना के साथ पुलिस महानिदेशक, सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राम कुमार को गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

वहीं नवीन अरोरा को तकनीकी सेवाओं से वाराणसी जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि भगवान एस. श्रीवास्तव को अभिसूचना से तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. संजीव गुप्ता को पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ अपर पुलिस महानिदेशक, लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आईजी और एसपी स्तर पर भी फेरबदल

धर्मवीर को पुलिस महानिरीक्षक, होमगार्ड्स से स्थानांतरित कर पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज भेजा गया है। मोहित गुप्ता को सचिव (गृह) से पुलिस महानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन नियुक्त किया गया है। विनोद कुमार सिंह को डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद से विशेष जांच शाखा, लखनऊ भेजा गया है।

आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन से स्थानांतरित कर सचिव (गृह) बनाया गया है। वहीं अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय से ईओडब्ल्यू, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। आनंद कुमार को मुख्यालय से स्थानांतरित कर लोक शिकायत, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

15 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची

अधिकारी नई तैनाती
मुथा अशोक जैन पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, लखनऊ
अमरेंद्र के. सेंगर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना तथा अतिरिक्त प्रभार पुलिस महानिदेशक, सुरक्षा
राम कुमार अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन
नवीन अरोरा अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन
पीयूष मोर्डिया पुलिस आयुक्त, प्रयागराज
भगवान एस. श्रीवास्तव अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं
डॉ. संजीव गुप्ता अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय तथा अतिरिक्त प्रभार लॉजिस्टिक्स
तरुण गाबा पुलिस आयुक्त, लखनऊ
धर्मवीर पुलिस महानिरीक्षक, पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज
मोहित गुप्ता पुलिस महानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन
विनोद कुमार सिंह पुलिस महानिरीक्षक, विशेष जांच, लखनऊ
जोगेंद्र कुमार पुलिस महानिरीक्षक, पीटीएस, मुरादाबाद
आनंद सुरेशराव कुलकर्णी सचिव (गृह), उत्तर प्रदेश शासन
अनूप कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू, लखनऊ
आनंद कुमार पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय

 

Related posts