BJP में टिकट कटने का साफ संकेत! नितिन नवीन बोले- जिताऊ नहीं हैं तो विधायक बदलें, हारे पूर्व सांसदों को भी मिलेगा मौका

मथुरा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रत्याशी चयन को लेकर सख्त रुख के संकेत दिए हैं। मथुरा में पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कहा कि जिन मौजूदा विधायकों के जीतने की संभावना नहीं है, उनके टिकट काटने से परहेज नहीं किया जाना चाहिए। उनकी जगह दूसरे उम्मीदवारों को मौका दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हार चुके पूर्व सांसदों को भी दोबारा मैदान में उतारा जा सकता है, बशर्ते उनके चुनाव जीतने की संभावना हो।

जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता, जरूरत पर बदले जाएंगे विधायक

भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक के दूसरे दिन संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इसी दौरान नितिन नवीन ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी बात रखी। उनका संदेश साफ था कि टिकट वितरण में मौजूदा विधायकों के बजाय जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई वर्तमान विधायक चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है तो उसका टिकट काटकर किसी दूसरे चेहरे को मौका दिया जा सकता है। वहीं, लोकसभा चुनाव हार चुके पूर्व सांसदों के लिए भी पार्टी के दरवाजे बंद नहीं हैं। जीत की संभावना होने पर उन्हें भी चुनाव लड़ाया जा सकता है।

बुलडोजर मॉडल से एक्सप्रेसवे तक, उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएगी भाजपा

बैठक में चुनावी रणनीति के साथ प्रदेश सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर मॉडल, एक्सप्रेसवे के विस्तार, आधारभूत ढांचे के विकास, औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन जैसे विषयों को पार्टी के प्रचार अभियान में प्रमुखता देने की बात सामने आई।

सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाएगी पार्टी

बैठक में शामिल मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि भाजपा जनता के बीच सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को प्रमुखता से रखेगी। उन्होंने दावा किया कि बुलडोजर मॉडल की चर्चा केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी इसकी चर्चा होती है।

राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे का विस्तार, औद्योगिकीकरण और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं। पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Related posts