दिल्ली में 15 अगस्त को बारिश बिगाड़ेगी जश्न का मजा? निकलने से पहले जान लें लाल किले के पास कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: देशभर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 अगस्त को दिल्ली और खासतौर पर लाल किले के आसपास के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के अनुसार 15 अगस्त को दिल्ली में दिन के दौरान बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। लाल किले के आसपास सुबह के समय और दोपहर से शाम के बीच बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकते हैं।

शुक्रवार को जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के आसपास आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में समारोह में शामिल होने या दिल्ली घूमने का कार्यक्रम बना रहे लोगों को मौसम को ध्यान में रखकर घर से निकलना होगा।

लाल किले के पास सुबह से शाम तक बारिश का अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच लाल किले के आसपास करीब 5 मिलीमीटर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना है। इसके बाद सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच भी करीब 5 मिलीमीटर बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बारिश की संभावना 60 प्रतिशत तक रह सकती है।

दोपहर से शाम के बीच भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान करीब 3 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है और इसकी संभावना 60 प्रतिशत बताई गई है।

देर रात से सुबह तक बारिश के आसार

स्काईमेट के महेश पलावत के मुताबिक मानसून ट्रफ के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के आसपास दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि मानसून ट्रफ की धुरी दिल्ली क्षेत्र समेत इंडो-गैंगेटिक मैदानों के ऊपर रहने की उम्मीद है। इसके चलते दिल्ली में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर 14 अगस्त की देर रात से 15 अगस्त की सुबह तक बारिश की संभावना अधिक रहेगी। सुबह के बाद भी कुछ इलाकों में रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है।

कितना रहेगा तापमान?

आईएमडी के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के आसपास अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं शुक्रवार शाम और रात के दौरान दिल्ली में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

Related posts