चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में आयोजित एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में करीब 5,500 लोगों के शामिल होने की तैयारी है। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया है।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पीईसी परिसर में 5,500 लोगों की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की लगातार निगरानी कर रही हैं और शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ में करीब एक घंटे तक रुकने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा के लिए शहरभर में हाई अलर्ट
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर की गई है। एसपीजी के साथ एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। शहर के बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। डॉग स्क्वायड की टीमों को भी सुरक्षा जांच में लगाया गया है और यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है।
इसके अलावा, जिला प्रशासन चंडीगढ़ को नो-फ्लाइंग जोन घोषित करेगा। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इन संगठनों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में रेजिडेंट वेलफेयर फेडरेशन, चंडीगढ़ व्यापार मंडल, चैंबर ऑफ चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज और चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवकों तथा कॉलेज के विद्यार्थियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
पीजीआई और सड़क परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान पीजीआई से जुड़ी करीब 1,200 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें 505 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 300 बेड वाला एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर और 440 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 बेड के एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर का उद्घाटन शामिल है।
इसके अलावा आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 244 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 150 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का शिलान्यास भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री 1,983 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतीक्षित जीरकपुर-पंचकूला बाईपास परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।
हवाई मार्ग से पहुंचेंगे, सड़क मार्ग से होगा कार्यक्रम स्थल तक सफर
प्रधानमंत्री हवाई मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद उनके सड़क मार्ग से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचने की संभावना है। पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
