नितिन नवीन के पहले यूपी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘दर्शन करने नहीं जाएंगे?’

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंचे। उनके दौरे के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए तंज कसते हुए सवाल किया कि अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आए हैं, तो क्या “दर्शन” करने नहीं जाएंगे? यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।

सोशल मीडिया पोस्ट से साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आएं हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?” माना जा रहा है कि उनका इशारा अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद की ओर था। हालांकि, भाजपा की ओर से इस टिप्पणी पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

संगठनात्मक बैठकों में जुटे नितिन नवीन

अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

विपक्ष पर साधा निशाना, सपा-कांग्रेस को घेरा

शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाप्ति की ओर बढ़ रही है और भाजपा कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी की राजनीति को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा, “इस बार साइकिल पंचर नहीं, कबाड़ में जाएगी।”

2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और संगठन की मजबूती के दम पर पार्टी एक बार फिर उत्तर प्रदेश में जीत हासिल करने के लिए तैयार है।

 

Related posts