‘सांवले रंग की वजह से रिजेक्ट किया गया’, ‘द केरल स्टोरी 2’ की एक्ट्रेस ने सुनाया बचपन का दर्द

नई दिल्ली: टीवी से लेकर फिल्मों तक अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने अपने संघर्ष भरे शुरुआती दिनों को याद करते हुए बड़ा खुलासा किया है। ‘द केरल स्टोरी 2’ में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस ने बताया कि बचपन में उन्हें सिर्फ सांवले रंग की वजह से कई बार रिजेक्शन झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस वक्त वह महज 7 साल की थीं, लेकिन तब भी रंगभेद का सामना करना पड़ा।

उल्का गुप्ता इन दिनों अपनी आगामी इंडिपेंडेंट फिल्म ‘रजनी की बारात’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी सिलसिले में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर, संघर्ष और बचपन के अनुभवों पर खुलकर बात की।

7 साल की उम्र में शुरू किया था करियर

उल्का गुप्ता ने बताया कि उनके पिता गगन गुप्ता भी अभिनेता हैं, इसलिए अभिनय का माहौल उन्हें बचपन से मिला। उन्होंने बहुत छोटी उम्र में तय कर लिया था कि उन्हें एक्ट्रेस बनना है। इसके बाद उन्होंने लगातार ऑडिशन देना शुरू कर दिया था।

हालांकि शुरुआती सफर आसान नहीं रहा। उल्का ने कहा कि बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उन्हें सबसे ज्यादा रंगभेद का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि कई जगह सिर्फ सांवले रंग की वजह से उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाता था।

‘मेरे रंग की वजह से मुझे बहुत रिजेक्ट किया गया’

एक्ट्रेस ने कहा कि छोटी उम्र में किसी बच्चे के साथ उसके रंग या लुक को लेकर भेदभाव होना बेहद गलत है। उन्होंने बताया कि कई बार ऑडिशन में उन्हें सिर्फ इसलिए नहीं चुना गया क्योंकि उनका रंग गोरा नहीं था।

उल्का ने कहा कि उस दौर में उनके पिता ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उनके पिता उन्हें मां काली का उदाहरण देते थे और कहते थे कि शक्ति और आत्मविश्वास सबसे बड़ी खूबसूरती होती है।

‘मैंने सिर्फ अपनी एक्टिंग पर फोकस किया’

उल्का गुप्ता ने कहा कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं। उनका मानना था कि अगर वह अच्छी अभिनेत्री बन जाएंगी तो लोगों को उनकी एक्टिंग की वजह से उन्हें काम देना ही पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि भीतर से उन्हें हमेशा विश्वास था कि वह खूबसूरत हैं और एक दिन अपना सपना जरूर पूरा करेंगी। आज वह उसी इंडस्ट्री में सफलतापूर्वक काम कर रही हैं, जहां कभी उन्हें रिजेक्ट किया गया था।

उस छोटी बच्ची को क्या कहना चाहती हैं उल्का?

जब उल्का से पूछा गया कि आज वह अपने बचपन वाली 6-7 साल की खुद को क्या सलाह देना चाहेंगी, तो उन्होंने कहा कि वह उस बच्ची से सिर्फ इतना कहेंगी कि आसपास के शोर को नजरअंदाज करो और लगातार आगे बढ़ते रहो।

उल्का गुप्ता ने छोटे पर्दे से लेकर हिंदी और साउथ फिल्मों तक अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘झांसी की रानी’ से लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री को ‘द केरल स्टोरी 2’ से भी काफी चर्चा मिली।

 

Related posts