‘16 मई मेरे जीवन की खास तारीख’: नीदरलैंड में भारतीय समुदाय के बीच बोले PM मोदी, 2014 चुनाव नतीजों को किया याद

हेग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड दौरे के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए 16 मई की तारीख को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले इसी दिन, 16 मई 2014 को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ था। पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों भारतीयों का विश्वास ही उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के बीच अपने संबोधन में कहा कि यहां का माहौल देखकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह भारत में ही मौजूद हों। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह और स्नेह किसी त्योहार जैसा है और कुछ समय के लिए उन्हें यह एहसास ही नहीं हुआ कि वह विदेश में हैं।

2014 के जनादेश को बताया ऐतिहासिक पल

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 16 मई 2014 भारतीय लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिन था। उन्होंने कहा कि दशकों बाद देश को पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार मिली थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस दिन जनता ने जो भरोसा जताया था, वही आज भी उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देता है।

भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जमकर सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संस्कृति की ताकत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ खत्म हो गईं, लेकिन भारत की संस्कृति और परंपराएं आज भी जीवंत हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पीढ़ियां बदलीं, देश बदले और परिस्थितियां बदलीं, लेकिन भारतीयों के संस्कार और अपनापन नहीं बदला।

उन्होंने प्रवासी भारतीयों को इसका श्रेय देते हुए कहा कि विदेशों में रहने के बावजूद भारतीय समुदाय ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जिंदा रखा है।

प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना

प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड में बसे भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी कहानियां सिर्फ प्रवास की नहीं, बल्कि संघर्ष और सफलता की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय नीदरलैंड की अर्थव्यवस्था और समाज में अहम योगदान दे रहा है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।

नीदरलैंड सरकार और जनता का जताया आभार

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में नीदरलैंड की सरकार और वहां के लोगों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि वह 140 करोड़ भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं और आभार व्यक्त करते हैं।

 

Related posts