पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई, फालता पंचायत के वाइस प्रेसिडेंट सैदुल खान गिरफ्तार

साउथ 24 परगना: पश्चिम बंगाल के फालता इलाके से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। फालता पंचायत के वाइस प्रेसिडेंट सैदुल खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बीती रात एक पुराने मामले में की। सैदुल खान को फालता विधानसभा क्षेत्र से जुड़े चर्चित नेता जहांगीर खान का करीबी और रिश्तेदार बताया जा रहा है।

सैदुल खान की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब फालता विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही गरमाया हुआ है। इस सीट पर चुनाव के दौरान धमकियों और विवादित बयानों को लेकर लगातार आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

21 मई को होगा पुनर्मतदान

फालता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 24 मई को नतीजों की घोषणा की जाएगी। इसी बीच सैदुल खान की गिरफ्तारी ने इलाके की राजनीति को और गर्म कर दिया है।

जहांगीर खान पर लगे थे वोटरों को धमकाने के आरोप

जहांगीर खान दक्षिण 24 परगना की फालता विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। चुनाव के दौरान उन पर मतदाताओं को डराने और धमकाने के आरोप लगे थे। इसके अलावा उन्होंने आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को लेकर भी विवादित बयान दिया था, जिसके बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया था।

जहांगीर खान का एक बयान काफी चर्चा में आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि “पिक्चर अभी बाकी है” और इलाके के लोगों की ताकत का जिक्र करते हुए सीआरपीएफ को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

12वीं तक पढ़े हैं जहांगीर खान, करोड़ों की संपत्ति के मालिक

जानकारी के मुताबिक, जहांगीर खान 12वीं तक शिक्षित हैं और उनकी उम्र करीब 41 वर्ष बताई जा रही है। उनके पास लगभग 2.1 करोड़ रुपये की संपत्ति है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके खिलाफ पहले किसी आपराधिक मामले का रिकॉर्ड नहीं रहा है।

पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी को मिली बड़ी जीत

हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी ने 207 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। हालांकि, फालता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान होना बाकी है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Related posts