
खेत की मिट्टी अभी भी वही है… लेकिन दामों का खेल हर सीजन नया स्क्रिप्ट लिखता है। सरकार कह रही है “किसान खुश”, और किसान सोच रहा है “खर्चा पहले ही बढ़ चुका है”। ₹2585 प्रति क्विंटल का MSP सुनने में मिठाई जैसा लगता है, लेकिन सवाल ये है कि क्या ये मिठास वाकई जेब तक पहुंचती है या सिर्फ हेडलाइन में ही घुल जाती है?
MSP बढ़ा… पर क्या बदला?
उत्तर प्रदेश में गेहूं का MSP ₹2585 कर दिया गया है। कागज़ पर ये 160 रुपये की बढ़ोतरी है, लेकिन ज़मीन पर ये सवाल बनकर खड़ा है। डीजल महंगा, खाद महंगी, मजदूरी महंगी… तो क्या MSP की ये बढ़ोतरी असल में सिर्फ “कॉस्ट एडजस्टमेंट” है?
किसान के लिए ये वैसा ही है जैसे बारिश से पहले बादल गरजें… पर बूंदें कम गिरें।
सरकार की तैयारी: सिस्टम ‘स्मार्ट’, किसान ‘वेटिंग’
सरकार ने इस बार खरीद प्रक्रिया को हाई-टेक बनाने की बात कही है। FCI, मंडी परिषद, FPOs सबको शामिल किया गया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और DBT पेमेंट की व्यवस्था भी तैयार है। कागज़ पर सब कुछ Netflix की smooth streaming जैसा दिखता है…
लेकिन असलियत में किसान अभी भी “Server Busy” वाली स्क्रीन से जूझता है।
DBT का वादा: बिचौलियों पर वार या नया जाल?
सीधे बैंक खाते में पैसा आने का दावा किया गया है। ये कदम पारदर्शिता बढ़ाने के लिए है, लेकिन सवाल वही क्या हर किसान डिजिटल सिस्टम के लिए तैयार है? ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क की हालत ऐसी है कि OTP आने से पहले ही उम्मीद खत्म हो जाती है।

खरीद केंद्र: लाइन लंबी, धैर्य छोटा
सरकार ने हजारों खरीद केंद्र खोलने का दावा किया है। लेकिन हर साल की तरह इस बार भी “लाइन” सबसे बड़ा सच है। किसान का दिन खेत में और रात मंडी में गुजरती है। और MSP का सपना कई बार ट्रैक्टर की छत पर ही सो जाता है।
सियासत vs सच्चाई
MSP बढ़ोतरी को सरकार “किसान हित” बता रही है। विपक्ष इसे “चुनावी बोनस” कह रहा है। सच्चाई शायद बीच में कहीं खड़ी है…जहां किसान को राहत भी मिलती है और सवाल भी।
एक्सपर्ट व्यू
एग्रीकल्चर एक्सपर्ट शेखर दीक्षित मानते हैं कि MSP बढ़ोतरी जरूरी थी, लेकिन ये “partial relief” है। जब तक लागत कम नहीं होगी, तब तक MSP बढ़ोतरी सिर्फ “damage control” ही रहेगी। क्या MSP बढ़ाने से किसान अमीर हो जाएगा? या फिर ये सिर्फ उस सिस्टम का हिस्सा है जहां हर साल उम्मीद बोई जाती है… और निराशा काटी जाती है?
“मीटर वही, झटका नया: 1 अप्रैल से बिजली बिल देगा ‘करंट’ वाला सरप्राइज!”
