UP Weather: यूपी में अगले 3 दिन तक बारिश का दौर, इन जिलों में बरसेंगे बादल; जानें मौसम का पूरा अपडेट

लखनऊ: सावन के अंतिम सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली। शाम से देर रात तक कई इलाकों में बिजली की चमक और गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, उन्नाव और हरदोई समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इससे उमस से परेशान लोगों को राहत मिली, हालांकि कई शहरों में जलभराव के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने प्रदेश में 27 अगस्त तक हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अभी भी उत्तर प्रदेश में बना हुआ है।

अगले तीन दिन बारिश के आसार

रविवार शाम हुई तेज बारिश के बाद सोमवार को भी मौसम में उमस बनी रही। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की पूरी संभावना है। सोमवार को लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, उन्नाव, झांसी और हरदोई समेत कई जिलों में बारिश हुई। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई।

लखनऊ में रुक-रुककर बारिश, जलभराव से परेशानी

राजधानी लखनऊ में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान और उमस से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार तक बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी रह सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। फिलहाल कोई नया मौसमी सिस्टम विकसित नहीं हुआ है, लेकिन मानसून सक्रिय रहने के कारण प्रदेश में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

पूर्वी से पश्चिमी यूपी तक बारिश का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से की ओर खिसक गया है। शुरुआत में इसके प्रभाव का ज्यादा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में रहने का अनुमान था, लेकिन बादलों का रुख पश्चिमी हिस्सों की ओर भी हो गया।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। वहीं पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के झांसी, हरदोई और प्रयागराज समेत कई जिलों में भी तेज बारिश दर्ज की गई।

सितंबर से मानसून की वापसी शुरू होने के आसार

मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक यदि आने वाले दिनों में कोई नया मौसमी सिस्टम विकसित नहीं हुआ तो मानसून इस बार उत्तर-पश्चिम भारत से सामान्य समय से कुछ दिन पहले वापसी शुरू कर सकता है। आमतौर पर उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून की वापसी करीब 17 सितंबर के आसपास शुरू होती है और अक्टूबर के मध्य तक पूरे देश से मानसून की विदाई हो जाती है।

 

Related posts