गोरखपुर: पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती हवा का सिस्टम अभी बना हुआ है। इसके असर से सितंबर के पहले पखवाड़े में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल के कुछ इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में करीब 5 हजार फीट की ऊंचाई पर चक्रवाती हवा का सिस्टम बना हुआ है। इसके अलावा झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास कम दबाव का क्षेत्र भी सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण बादलों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं और अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात का तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहा। सोमवार को जिले में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं बिजनौर में 134 मिलीमीटर, मुरादाबाद के सीडब्ल्यूसी में 114.2 मिलीमीटर, अमरोहा के सादात में 88 मिलीमीटर और हमीरपुर के राठ में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में रविवार को 5.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
नेपाल सीमा से लगे जिलों में भारी बारिश का खतरा
कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। नेपाल सीमा से सटे जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भी कई जगह भारी बारिश की आशंका है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने के बावजूद अगले दो दिनों के दौरान पूर्वांचल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती तथा आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं आगरा, अमरोहा, बरेली, बाराबंकी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, मेरठ, पीलीभीत, शाहजहांपुर और सीतापुर समेत करीब 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बहराइच में घाघरा उफान पर, बरेली में रेलवे ट्रैक डूबे
नेपाल के पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी, बैराजों से छोड़े गए पानी और लगातार हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश के बहराइच और बरेली में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बहराइच में घाघरा नदी के उफान के कारण दो तहसीलों के एक दर्जन से अधिक मजरों में पानी भर गया है। वहीं बरेली में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है और रेलवे पटरियां भी पानी में डूब गई हैं।
