यह मत पहनो, वहां मत जाओ… ससुर की रोक-टोक से परेशान बहू ने दवा कारोबारी की हत्या की दे दी सुपारी

कानपुर: इंदिरा नगर स्थित रतन ऑर्बिट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, 63 वर्षीय कारोबारी की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उनकी बहू शालू ने कराई थी। बहू ने कारोबारी के पूर्व कर्मचारी को छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। पूछताछ में शालू ने हत्या कराने की बात कबूल की है। उसने पुलिस को बताया कि ससुर की लगातार रोक-टोक और घर के भीतर निजता खत्म होने से वह परेशान थी।

रतन ऑर्बिट के फर्स्ट फ्लोर पर सी-104 अपार्टमेंट में रहने वाले विनीत मिनोचा का रक्तरंजित शव रविवार तड़के उनके कमरे में मिला था। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने विनीत के पूर्व कर्मचारी हरबंस मोहाल निवासी विशाल गौतम और राजकिशोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद विशाल ने मीडिया के सामने दावा किया कि विनीत की हत्या शालू के कहने पर की गई थी और इसके लिए छह लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। इसके बाद सोमवार सुबह पुलिस ने शालू को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

ससुर की रोक-टोक और सीसीटीवी से परेशान थी बहू

पूछताछ के दौरान शालू ने पुलिस को बताया कि ससुर विनीत घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर उसे टोकते थे। वह क्या पहने और कहां जाए, इसको लेकर भी लगातार टिप्पणी की जाती थी। शालू के मुताबिक, घर के अंदर निजता भी खत्म हो गई थी। विनीत ने घर में दो सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी वजह से उसने ससुर की हत्या कराने का फैसला किया।

सोने के बाद हत्या कर हार्ट अटैक बताने की थी साजिश

पुलिस के अनुसार, शालू और विशाल ने हत्या की ऐसी योजना बनाई थी जिससे मौत को स्वाभाविक बताया जा सके। तय हुआ था कि विनीत के गहरी नींद में सोने के बाद उनके मुंह पर तकिया रखकर हत्या कर दी जाएगी और बाद में इसे हार्ट अटैक से हुई मौत बताया जाएगा।

डुप्लीकेट चाबी से फ्लैट में घुसे थे दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, इसी योजना के तहत विशाल और राजकिशोर डुप्लीकेट चाबी के जरिए फ्लैट में दाखिल हुए और शालू के कमरे में छिप गए। रात 10:58 बजे विनीत मिनोचा फ्लैट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे। उन्होंने खाना खाने के बाद फ्लैट के सभी कमरों की जांच की और उन्हें लॉक करने लगे। जब वह बेटे सुब्रत के बेडरूम में पहुंचे तो वहां विशाल और राजकिशोर को कमरे के एक कोने में बैठे देखा।

सामने आते ही बदली साजिश, चाकू से किया हमला

दोनों को देखकर विनीत घबरा गए और विशाल से पूछा कि वह वहां क्या कर रहा है। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। वे विनीत को उनके बेडरूम में ले गए और अपने साथ लाए चाकू से उन पर लगातार वार किए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने तब तक हमला किया, जब तक विनीत के शरीर में कोई हलचल नहीं रह गई। इसके बाद कारोबारी का शव कमरे में ही पड़ा मिला।

 

Related posts