अयोध्या: उत्तर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मंगलवार का दिन अहम हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा मानदेय बढ़ाने को लेकर है। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और विभागीय योजनाओं से जुड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री कार्यकत्रियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें संबोधित करेंगे। अयोध्या मंडल से करीब 12 से 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, यह आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभागीय मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। राशन वितरण का काम देख रहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी समारोह में हिस्सा लेंगी। प्रदेश के सभी जिलों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अयोध्या में होगा।
दोपहर 2:50 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे हेलीकॉप्टर से जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां वह सम्मान समारोह में शामिल होने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शाम चार बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का अयोध्या में करीब तीन घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में बाल विकास और महिला कल्याण विभाग की योजनाओं तथा उनमें हुए बदलावों की जानकारी देने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन
रामकथा पार्क पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले हनुमानगढ़ी जाएंगे और वहां दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कई मार्गों पर रोक
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे को देखते हुए शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सहादतगंज-हनुमानगढ़ी चौराहा से रामपथ और पोस्ट ऑफिस तिराहे से पुलिस लाइन व रिकाबगंज तिराहे की ओर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। पुलिस लाइन तिराहा से रामपथ और पुष्पराज चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते भी बंद रहेंगे।
इसके अलावा पुष्पराज चौराहा, तहसील तिराहा, गुरु गोविन्द सिंह चौक, कैंट रेलवे स्टेशन, अग्रसेन चौराहा और रामनगर तिराहा से जीआईसी की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर भी पाबंदी रहेगी। बहू बेगम मकबरा तिराहा, रिकाबगंज चौराहा, फतेहगंज चौराहा, कसाब बाड़ा, ऋषिटोला और मनूचा तिराहे से जीआईसी की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
