लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी नई विज्ञप्ति के अनुसार अब प्रदेश में बकरीद का सार्वजनिक अवकाश 27 मई की जगह 28 मई 2026, गुरुवार को रहेगा।
प्रदेश सरकार ने यह फैसला चांद दिखने की स्थिति स्पष्ट होने के बाद लिया है। इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 17 नवंबर 2025 को जारी अवकाश सूची में 27 मई 2026, बुधवार को बकरीद का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। हालांकि उस समय यह स्पष्ट किया गया था कि त्योहार की तिथि चंद्र दर्शन के आधार पर परिवर्तनीय रहेगी।
चांद दिखने के आधार पर बदली गई छुट्टी की तारीख
नई विज्ञप्ति में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा 28 मई 2026 को मनाई जाएगी। इसी को देखते हुए सरकार ने पहले घोषित 27 मई के अवकाश को संशोधित करते हुए 28 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, विभागों और संबंधित संस्थानों में 28 मई, गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस संबंध में सभी विभागों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
सभी विभागों और संस्थानों को भेजे गए निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, जिलाधिकारियों, विभागाध्यक्षों, उच्च न्यायालय, विधान परिषद, विधान सभा समेत विभिन्न सरकारी और वित्तीय संस्थानों को भेजी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 17 नवंबर 2025 को जारी अवकाश सूची को इसी सीमा तक संशोधित माना जाएगा।
