संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालय में दो दिवसीय रचनात्मक कार्यक्रमों का किया गया आयोजन……..

उन्नाव। बांगरमऊ कस्बे में इंदिरा गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण के संरक्षण में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत दो दिवसीय रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसने छात्र-छात्राओं में सामाजिक चेतना और रचनात्मकता दोनों को निखारा।
अभियान के पहले दिन महाविद्यालय परिसर में नुक्कड़ नाटक का जीवंत मंचन किया गया। रोशनी, जितेंद्र, सिद्धार्थ, सौरभ, राजकुमार, नील कुमारी, संकल्प, विशाल और शांति की टीम ने संवेदनात्मक शैली में शानदार प्रस्तुति दी। नाटक का मुख्य संदेश था -सही जानकारी ही वास्तविक सशक्तिकरण है और एक शिक्षित युवा का कर्तव्य है कि वह सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।

प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण ने छात्रों के प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस जानकारी को अपने तक सीमित न रखकर समाज में फैलाना ही इस नाटक की सार्थकता होगी। इस दौरान डॉ. सविता राजन, डॉ. किरण, डॉ. अभय राजपूत, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. शैलजा त्रिपाठी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

दूसरे दिन ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ विषय पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। छात्राओं ने घरों से बेकार पड़ी प्लास्टिक की बोतलें, गत्ते, अखबार, कपड़ों की कतरन और सूखी लकड़ियों से आकर्षक कलाकृतियां, सजावटी सामान और उपयोगी मॉडल तैयार कर सबको हैरान कर दिया।

प्रदर्शनी ने रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल के सिद्धांत को अपनाने का प्रेरक संदेश दिया। प्राचार्य ने छात्राओं की कलात्मकता और मेहनत की सराहना की। दोनों ही कार्यक्रम डॉ. सुनीता निरंकारी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

Related posts