नगर पालिका परिषद् उन्नाव के तत्वावधान में जनभागीदारी दिवस का आयोजन, नागरिकों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
उन्नाव। राष्ट्र के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प तथा उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद् उन्नाव की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता भानू मिश्रा के नेतृत्व में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम-2026’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति द्वारा जनभागीदारी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर उन्नाव के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर शहर के गुरुद्वारा के समीप विशेष जागरूकता कैंप लगाया गया। यहां राहगीरों, दुकानदारों, व्यापारियों एवं नगरवासियों से संवाद कर स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से कपड़े एवं जूट के थैलों का वितरण भी किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में देशभर में जागरूकता बढ़ाई है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण और जनभागीदारी के प्रति निरंतर जागरूकता पर बल दिया जा रहा है। हम सभी का दायित्व है कि इन संकल्पों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और अपने नगर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है। घर, दुकान, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखना तथा कूड़े का उचित निस्तारण करना हमारी नियमित आदत बननी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कपड़े एवं जूट के थैलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बनते हैं। जनभागीदारी और सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर उन्नाव के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में गुरु नानक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर स्वच्छता का संदेश दिया। विद्यार्थियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता की शुरुआत बचपन से ही होनी चाहिए और प्रत्येक पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों की उपस्थिति भी रही।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक अशोक पाल, सफाई निरीक्षक रश्मि पुष्कर, प्रेमलता सिंह, कीर्ति शुक्ला, रुचि द्विवेदी, प्रिया तिवारी, सुनील शर्मा, राहुल दुबे, सचिन शर्मा सहित अन्य सहयोगियों की उपस्थिति एवं सहभागिता रही।
नगर पालिका परिषद् उन्नाव की ओर से नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में जनसहभागिता और निरंतर सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर उन्नाव के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
