मुंबई: साउथ सुपरस्टार और मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में 78.27 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि फिल्म से 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद शुरुआती कमाई कई बड़ी फिल्मों से बेहतर रही।
भारत में पहले दिन 41 करोड़ का कारोबार
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘जन नेता’ ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 48.27 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पहले दिन फिल्म के कुल 13,067 शो प्रदर्शित किए गए और औसत ऑक्यूपेंसी 41.6 प्रतिशत रही।
ओवरसीज में भी मिला शानदार रिस्पॉन्स
विदेशी बाजार में भी ‘जन नेता’ को अच्छा प्रतिसाद मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन ओवरसीज मार्केट से 30 करोड़ रुपये की कमाई की। भारत और विदेश की कमाई को मिलाकर फिल्म का पहले दिन का कुल वैश्विक कारोबार 78.27 करोड़ रुपये रहा।
300 से 500 करोड़ रुपये के बजट की बताई जा रही फिल्म
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जन नेता’ का निर्माण 300 से 500 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में किया गया है। ऐसे में लागत निकालने के लिए फिल्म को आने वाले दिनों, खासकर सप्ताहांत में मजबूत प्रदर्शन जारी रखना होगा।
स्टारकास्ट को मिल रहा दर्शकों का साथ
फिल्म में थलपति विजय के साथ बॉबी देओल और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के पहले दिन दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया का फायदा फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में भी देखने को मिला।
पहले दिन इन 10 फिल्मों को छोड़ा पीछे
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘जन नेता’ ने कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इनमें महर्षि (34.75 करोड़), उस्ताद भगत सिंह (34.75 करोड़), संजू (34.75 करोड़), बिगिल (34.10 करोड़), टाइगर जिंदा है (34.10 करोड़), पोन्नियिन सेल्वन-1 (34 करोड़), वीरा सिम्हा रेड्डी (33.60 करोड़), छावा (33.50 करोड़), चेन्नई एक्सप्रेस (33.12 करोड़) और एक था टाइगर (32.93 करोड़) शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में धुरंधर, डंकी और दंगल जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
