उन्नाव। बांगरमऊ मिशन शक्ति अभियान के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र नसिरापुर में अनोखी पहल देखने को मिली। यहां कक्षा आठ की छात्रा रूही को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया। कुर्सी पर बैठते ही रूही ने अफसर अंदाज में न सिर्फ कार्यालय की कमान संभाली, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े फैसले भी लिए। एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी बनी रूही ने बालिका शिक्षा और सामाजिक कुरीतियों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि “देश और समाज की तरक्की के लिए लड़कियों का शिक्षित होना सबसे जरूरी है। सभी अभिभावक बेटा-बेटी में भेदभाव छोड़कर बच्चों को समान शिक्षा दें।
बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर प्रहार करते हुए रूही ने कहा कि ऐसी कुरीतियां बेटियों के सपनों को तोड़ देती हैं, इन्हें जड़ से खत्म करना होगा।
अफसरों को दिए निर्देश
कार्यभार संभालते ही रूही ने तेवर दिखाए। उन्होंने कार्यालय स्टाफ को साफ-सफाई, समय से कार्यालय आने और सभी लंबित पत्रावलियों को समयबद्ध निस्तारित करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विद्यालयों में बच्चों के निपुण लक्ष्य की नियमित मॉनिटरिंग कराई जाएगी।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने रूही के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में लीडरशिप और प्रशासनिक समझ विकसित करना है।
