पाकिस्तान में भारत की कूटनीतिक कमान संभालेंगे सत्यांजल पांडे! डॉक्टर से डिप्लोमैट बने अधिकारी को मिली अहम जिम्मेदारी

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण संबंधों के बीच भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी सत्यांजल पांडे को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, 2008 बैच के आईएफएस अधिकारी सत्यांजल पांडे पाकिस्तान में भारत के अगले कार्यवाहक उच्चायुक्त बनाए जाएंगे। वह वर्तमान कार्यवाहक उच्चायुक्त गीतिका श्रीवास्तव का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है।

फिलहाल सत्यांजल पांडे श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त के रूप में कार्यरत हैं। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह इस्लामाबाद में भारतीय मिशन की कमान संभालेंगे।

गीतिका श्रीवास्तव की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

गीतिका श्रीवास्तव को अगस्त 2023 में पाकिस्तान में भारत का कार्यवाहक उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था। अब उनके कार्यकाल की समाप्ति के बाद सत्यांजल पांडे को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

भारत और पाकिस्तान के बीच अगस्त 2019 के बाद से राजनयिक संबंधों का स्तर सीमित बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा हटाए जाने के बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों को घटा दिया था। तब से दोनों देशों के उच्चायोग पूर्णकालिक उच्चायुक्तों के बजाय कार्यवाहक उच्चायुक्तों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं।

17 साल से अधिक का कूटनीतिक अनुभव

सत्यांजल पांडे भारतीय विदेश सेवा के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। विदेश सेवा में उनके पास लगभग 18 वर्षों का अनुभव है। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय दायित्वों और राजनयिक नियुक्तियों के दौरान उन्होंने विदेश नीति और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य संभाले हैं।

डॉक्टर से बने भारतीय राजनयिक

सत्यांजल पांडे की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमसी) से एमबीबीएस की पढ़ाई की। वर्ष 1999 से 2004 के बीच उन्होंने मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर की डिग्री हासिल की थी।

मेडिकल क्षेत्र से निकलकर उन्होंने सिविल सेवा का रास्ता चुना और भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई।

आगरा से हुई शुरुआती शिक्षा

सत्यांजल पांडे की स्कूली शिक्षा आगरा में हुई। उन्होंने सेंट पीटर्स कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की, जबकि शुरुआती शिक्षा ऋषि ज्ञान केंद्र से प्राप्त की थी। मेडिकल डिग्री के बाद उन्होंने प्रबंधन क्षेत्र में भी विशेषज्ञता हासिल की और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु से एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया।

भारत-पाक रिश्तों के बीच अहम होगी भूमिका

ऐसे समय में जब भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध सामान्य नहीं हैं, इस्लामाबाद में भारतीय मिशन की जिम्मेदारी संभालना एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक दायित्व माना जा रहा है। क्षेत्रीय सुरक्षा, द्विपक्षीय संवाद और भारतीय हितों से जुड़े मुद्दों पर सत्यांजल पांडे की भूमिका पर सभी की नजर रहेगी।

 

Related posts