नई दिल्ली: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस को ‘पागलों की जमात’ बताते हुए राहुल गांधी और खरगे पर निशाना साधा। निशिकांत दुबे की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर खरगे की टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है।
‘कांग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फर्स्टियाना गया है’
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा, “कांग्रेस पागलों की जमात है। पागलों के बारे में क्या चर्चा की जाए? राहुल गांधी पागल हैं, और खरगे भी पागल हैं।” उन्होंने अपने एक्स खाते पर एक पोस्ट में भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। दुबे ने लिखा, “बिहारी में एक शब्द है फ़र्स्टियाना, कॉग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फ़र्स्टिया गया है।”
बीजेपी सांसद के इस बयान को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी के बाद पार्टी की ओर से किए जा रहे पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। खरगे के बयान के बाद बीजेपी के कई नेता कांग्रेस पर हमलावर हैं और उनसे माफी की मांग कर रहे हैं।
खरगे ने पटना में PM मोदी के पिता को लेकर क्या कहा था?
दरअसल, रविवार को बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान सामने मौजूद एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा कि मोदी नहीं जाएगा। इस पर खरगे ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने की आदत होने का आरोप भी लगाया।
खरगे की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया। बीजेपी नेताओं ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की और इसे राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। इसके बाद केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा।
बीजेपी नेताओं ने की माफी की मांग
प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद बीजेपी नेताओं ने खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान से राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। बीजेपी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है।
इस बीच, पटना में खरगे के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। मामले के राजनीतिक तूल पकड़ने के बाद बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार बयान दिए जा रहे हैं। अब इस मुद्दे पर मंगलवार को बीजेपी की रणनीति और कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
