झांसी चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-5 पर जी.ई.झांसी एम ई एस 11 का कब्जा, अनसोल्ड-11 को दी शिकस्त

जेई अंकित की 52 रन की तूफानी पारी ने दिलाई जीत, अनुराग मिश्रा बने मैन ऑफ द मैच

झांसी। झांसी चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-5 के फाइनल मुकाबले में जी.ई. झांसी (एम ई एस) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनसोल्ड-11 को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हंसारी-11 एवं थंडर टाइटन के संयुक्त आयोजन में हुए इस टूर्नामेंट में बुन्देलखण्ड के अलग अलग क्षेत्रों से आई हुई कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

फाइनल मैच में जीई झांसी और अनसोल्ड-11 के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। जीई झांसी की जीत में जेई अंकित ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 52 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। उनके आक्रामक खेल ने मुकाबले का रुख जीई झांसी के पक्ष में कर दिया। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत में योगदान दिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए एजी टेक के अनुराग मिश्रा को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उन्होंने महज नौ गेंदों में 24 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए दो विकेट भी हासिल किए उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने मुकाबले को यादगार बना दिया । जी ई झांसी ने 20 ओवर में 168/6  के लक्ष्य दिया और लक्ष्य का पीछा करते हुये अनसोल्ड 11 ने 20 ओवर में 156/9 रन बनाये । जीई झांसी के कप्तान मेजर राजेश राठौर ने खिताबी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम के सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल के चलते टीम को सफलता मिली। टूर्नामेंट के आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।

झांसी चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-5 का समापन रोमांचक फाइनल और जीई झांसी की शानदार जीत के साथ हुआ। इस टूर्नामेंट को हंसारी 11 एवं थंडर टाइटन द्वारा आयोजित किया गया एवं एहम भूमिका राकेश यादव ( टिंकू) एवं विकास कुशवाहा की रही ।

Related posts