समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। छठ के लिए बनाए जा रहे तालाब में 16 साल का गोलू डूब गया। बेटे को बचाने की आस में उसकी मां घंटों तक छठी मइया से गुहार लगाती रही। वह आंचल फैलाकर बार-बार प्रार्थना करती रही कि किसी तरह उसका बेटा वापस मिल जाए। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी मां की बेबसी देखकर नम हो गईं। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोलू का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
छठ पूजा के लिए बनाए जा रहे तालाब में डूबा किशोर
यह हादसा छठ पूजा के पहले दिन हुआ। जानकारी के मुताबिक, गोलू के घर के पास स्थित बीबीआर कॉलेज में छठ पूजा के लिए तालाब तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान 16 वर्षीय गोलू अपने दोस्तों के साथ वहां रील बनाने पहुंचा था।
रील बनाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। गोलू को डूबता देख उसके दोस्तों ने तुरंत परिवार को सूचना दी।
“छठी मइया, हमरा बाबू लौटा दो…” कहती रही मां
घटना की खबर मिलते ही गोलू की मां और परिवार के दूसरे सदस्य भागते हुए तालाब के पास पहुंचे। बेटे को बचाने की उम्मीद में मां लगातार छठी मइया के गीत गाती रही। वह आंचल फैलाकर प्रार्थना करती रही, “छठी मइया, हमरा बाबू हमको लौटा दो।”
मां बार-बार कह रही थी कि उनके कोई बच्चा नहीं था और छठी मइया के आशीर्वाद से उन्हें बेटा मिला था। उसकी यह पुकार सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। हर कोई यही दुआ कर रहा था कि गोलू किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।
चार घंटे की तलाश के बाद मिला शव
गोलू की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब चार घंटे तक तालाब में खोज अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग भी गमगीन हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
