महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, रेल सेवा ठप, कई उड़ानें प्रभावित; 24 घंटे में 13 लोगों की मौत

मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और भवन हादसों के बीच हालात गंभीर बने हुए हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नवनिर्मित ‘मिसिंग लिंक’ को पानी के रिसाव के चलते बंद कर दिया गया है, जबकि भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर सभी ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 13 लोगों की मौत की खबर है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आवाजाही रोकी गई

भारी बारिश के बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के हाल ही में शुरू किए गए ‘मिसिंग लिंक’ की एक प्रमुख सुरंग में तेज पानी का रिसाव शुरू हो गया। सुरंग के भीतर जलभराव और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। इस घटना के बाद विपक्ष ने परियोजना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

कंक्रीट का खंभा गिरने पर कार्रवाई की मांग

शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी अंबादास दानवे ने मिसिंग लिंक के कैरिजवे पर कंक्रीट का खंभा गिरने की घटना पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

भूस्खलन से मुंबई-पुणे रेल सेवा ठप

कर्जत के पास पहाड़ी से मलबा रेलवे ट्रैक पर आ जाने के कारण मुंबई और पुणे के बीच रेल यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। रेलवे की टीमें ट्रैक से मलबा हटाने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है। इसका असर कई लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है।

भवन गिरने से छह लोगों की मौत

मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में भारी बारिश के दौरान तीन मंजिला एक चाल ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

24 घंटे में 13 मौतें, रेड अलर्ट जारी

बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में 13 लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक में मंगलवार को बादल फटने और 300 मिमी तक बारिश की आशंका भी जताई है।

स्कूल-कॉलेज बंद, शहर में जलभराव

भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं। हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी समेत कई निचले इलाकों में सड़कों पर कई फीट तक पानी भर गया है। तेज बारिश और हवाओं के कारण पिछले तीन दिनों में 250 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। जलभराव के कारण मुंबई लोकल सेवाएं प्रभावित हैं और कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है।

कई ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित

खराब मौसम और रेल मार्ग बाधित होने के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मुंबई से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित कई रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ है। वहीं प्रतिकूल मौसम की वजह से कई उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा है।

सीएम फडणवीस की लोगों से अपील

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि मौजूदा स्थिति अप्रत्याशित है और मानव नियंत्रण से बाहर है। उन्होंने लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने, जलप्रपात और पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की अपील की। साथ ही निजी कंपनियों से कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सुविधा देने का आग्रह किया और निर्देशों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

Related posts