लखनऊ: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने ऑपरेशन ब्लैक हॉक के तहत अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ और बाराबंकी में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग कार्रवाई में टीम ने कुल 18.6 किलोग्राम से अधिक कच्ची हेरोइन बरामद की। तस्करों ने नशीला पदार्थ वाहनों में बनी गुप्त जगहों पर छिपा रखा था।
कार के फ्यूल टैंक में छिपाकर ला रहे थे हेरोइन
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को बाराबंकी में असम नंबर की हुंडई क्रेटा कार को पकड़ा। कार में सवार दो तस्कर हेरोइन को वाटरप्रूफ पैकेटों में छिपाकर ला रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि करीब 500 किलोमीटर के सफर में उन्होंने कार के फ्यूल टैंक में चार बार ईंधन भरवाया था।
इस जानकारी के बाद अधिकारियों को कार के फ्यूल टैंक पर संदेह हुआ। वाहन को महानगर स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के मुख्यालय लाकर टैंक खोला गया। तलाशी के दौरान 25 वाटरप्रूफ पैकेटों में छिपाकर रखी गई 16.48 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। अधिकारियों के मुताबिक, इस खेप को उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी थी।
ट्रक के बॉडी फ्रेम में बनाई थी गुप्त जगह
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की उत्तर प्रदेश इकाई को एक अन्य खुफिया सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी-लखनऊ मार्ग से एक भारी ट्रक के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। टीम ने कई टोल प्लाजा पर ट्रक की निगरानी की और उसे बाराबंकी के पास रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक के बॉडी फ्रेम में बनाई गई गुप्त कैविटी मिली। इसमें 2.16 किलोग्राम कच्ची हेरोइन छिपाकर रखी गई थी। टीम ने ट्रक चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
स्कूल के सामने बाइक सवार से भी हेरोइन बरामद
इसके अलावा 20 अगस्त को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने अयोध्या रोड पर एक नामचीन स्कूल के सामने से 0.356 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लखनऊ में डिलीवरी के लिए हेरोइन लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर टीम ने लखनऊ-बाराबंकी रोड पर स्कूल के पास स्थित ढाबे के सामने संदिग्ध को रोका। तलाशी में उसके पास से 0.356 किलोग्राम हेरोइन और हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई।
तीन तस्कर गिरफ्तार, जांच जारी
ऑपरेशन ब्लैक हॉक के तहत हुई इन कार्रवाइयों में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम अब बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत और अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
