एजाज खान के ‘ओ यारा’ म्यूजिक वीडियो की मुंबई में धमाकेदार लॉन्चिंग, कई सितारे पहुंचे; नाना पाटेकर को दी गई श्रद्धांजलि

मुंबई: अभिनेता एजाज खान के नए म्यूजिक वीडियो ‘ओ यारा’ को मुंबई में भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। सितारों से सजी इस शाम में मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में सिंगर-रैपर बादशाह, मुनव्वर फारूकी, साहिल खान, विधायक असलम शेख और अभिनेता शावर अली समेत कई मेहमान मौजूद रहे। इस खास मौके पर एजाज खान के पिता, पत्नी और दोनों बेटे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बादशाह से मुकेश छाबड़ा तक, लॉन्च इवेंट में जुटीं कई हस्तियां

‘ओ यारा’ की लॉन्चिंग में मनोरंजन जगत से जुड़े कई जाने-माने चेहरे पहुंचे। इनमें बादशाह, मुनव्वर फारूकी, साहिल खान, विधायक असलम शेख, शावर अली, नासिर खान, अभिनेत्री तान्या चटर्जी, पुनीत सुपरस्टार, हेमा शर्मा, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और कॉमेडियन सुनील पाल शामिल रहे।

कार्यक्रम में एजाज खान के परिवार की मौजूदगी ने भी इस मौके को खास बनाया। पत्नी, पिता और दोनों बेटों के साथ उनकी मौजूदगी ने लॉन्चिंग समारोह को पारिवारिक रंग दिया।

नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देकर हुई कार्यक्रम की शुरुआत

समारोह की शुरुआत हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों ने एक मिनट का मौन रखा और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उनके निधन पर शोक भी व्यक्त किया गया।

प्यार, पैसा और अंडरवर्ल्ड की दुनिया दिखाएगा ‘ओ यारा’

‘ओ यारा’ का आधिकारिक ट्रेलर पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुका है। अब पूरे म्यूजिक वीडियो को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक गीत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे म्यूजिकल क्राइम ड्रामा के अंदाज में पेश किया गया है।

गोवा की खूबसूरत वादियों और वहां की अंधेरी दुनिया की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में प्यार, ताकत, पैसा और अंडरवर्ल्ड के बीच टकराव देखने को मिलेगा। कहानी में रिश्तों के छिपे राज और फैसलों के परिणामों को भी प्रमुखता दी गई है।

एजाज खान के साथ शावर अली और क्रिस्पी क्रिस्टीना मुख्य भूमिका में

म्यूजिक वीडियो में एजाज खान के साथ शावर अली और क्रिस्पी क्रिस्टीना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसकी प्रस्तुति को फिल्म के किसी महत्वपूर्ण दृश्य में फिल्माए गए गीत जैसा भव्य रूप दिया गया है। क्राइम ड्रामा की पृष्ठभूमि और गोवा का माहौल वीडियो की कहानी को खास बनाते हैं।

अमन त्रिखा की आवाज, मोहम्मद इरफान अली का संगीत

‘ओ यारा’ के निर्माण की जिम्मेदारी ज़मीर अहमद ने बतौर निर्माता संभाली है, जबकि निर्देशन शादाब सिद्दीकी ने किया है। अर्चना प्रजापति इस परियोजना में एसोसिएट डायरेक्टर हैं।

गीत को अमन त्रिखा ने अपनी आवाज दी है। इसके संगीत और बोल मोहम्मद इरफान अली ने तैयार किए हैं, जबकि कहानी एजाज खान ने लिखी है। तकनीकी टीम में डीओपी राजकुमार K, बैकग्राउंड म्यूजिक के लिए असलम केयी, असिस्टेंट एडिटर मोहम्मद रमजान, मेकअप और हेयर के लिए सुमन शाह, बीटीएस और स्टिल्स के लिए प्रिंस मंसूरी तथा प्रोडक्शन मैनेजर के रूप में अल्तमश खान (बॉनी) शामिल हैं। इस म्यूजिक वीडियो को अल ज़रगम ने प्रस्तुत किया है।

Related posts