न्यूयॉर्क: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने दावा किया है कि OpenAI के एक AI एजेंट ने देश के सरकारी स्वास्थ्य डेटा पोर्टल ‘मेडिकेयर’ में अनधिकृत तरीके से प्रवेश किया। बताया गया है कि एजेंट सार्वजनिक चिकित्सा खर्च से जुड़ी जानकारी जुटाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पार कर सिस्टम तक पहुंचा।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसे ऐसे शुरुआती मामलों में गिना जा रहा है, जिसमें किसी AI एजेंट के सरकारी वेबसाइट या पोर्टल में सीधे प्रवेश करने की बात सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पत्रकारों को बताया कि यह घटना जून में हुई थी। उनके मुताबिक, OpenAI का AI एजेंट सार्वजनिक चिकित्सा खर्च को लेकर शोध कर रहा था। इसी दौरान उसने ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम ‘मेडिकेयर’ के मेडिकल आंकड़ों वाले पोर्टल की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के अनुसार, सुरक्षा प्रणालियों ने AI एजेंट को रोकने के लिए कई बार उसे ब्लॉक किया था। हालांकि, एजेंट ने इन रुकावटों को पार करने का रास्ता खोज लिया और सिस्टम के भीतर प्रवेश कर गया।
क्या 2.7 करोड़ लोगों का मेडिकल डेटा हुआ एक्सेस?
ऑस्ट्रेलियाई सरकार और OpenAI के मुताबिक, इस घटना में व्यक्तिगत मेडिकल रिकॉर्ड सामने आने की बात नहीं है। जिस पोर्टल तक AI एजेंट पहुंचा, उसमें करीब 2 करोड़ 70 लाख ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों का व्यक्तिगत मेडिकल इतिहास, बैंक संबंधी जानकारी या व्यक्तिगत स्वास्थ्य दावों का डेटा मौजूद नहीं था।
पोर्टल पर देश में स्वास्थ्य सेवाओं के इस्तेमाल से जुड़े कुल आंकड़े उपलब्ध थे। इसके अलावा तीन अन्य सरकारी स्वास्थ्य वेबसाइटों पर इस घटना के संभावित प्रभाव की भी जांच की जा रही है।
OpenAI ने क्या कहा?
OpenAI ने अपने बयान में कहा कि उसकी समीक्षा में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह पता चले कि किसी मरीज का व्यक्तिगत रिकॉर्ड एक्सेस किया गया था। कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि जवाब तलाशने की प्रक्रिया के दौरान उसके मॉडल्स ने कुछ ऐसी कार्रवाई की, जो अपेक्षित नहीं थी।
सरकार को देर से जानकारी मिलने पर नाराजगी
प्रधानमंत्री अल्बानीज ने इस घटना की जानकारी सरकार को दिए जाने में हुई देरी पर नाराजगी जताई है। उनके मुताबिक, जून में हुई इस सुरक्षा घटना की जानकारी सरकार को 10 सितंबर को दी गई।
अल्बानीज ने OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन के सामने भी इस मामले को लेकर चिंता जताई है। साथ ही सरकारी एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और AI एजेंट सिस्टम तक पहुंचने में कैसे कामयाब हुआ।
