उन्नाव । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निराला प्रेक्षागृह में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम परिसर में आयोजित विभिन्न प्रदर्शिनियों का अतिथियों ने अवलोकन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज की नींव को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक देखभाल, मातृ स्वास्थ्य और जनजागरूकता के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए बच्चों और माताओं के पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म में सहभागिता कर उनके सुखद एवं स्वस्थ मातृत्व की मंगलकामना की। वहीं आंगनबाड़ी सहायिका बहनों को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद अवस्थी, जिला महामंत्री मनीष जायसवाल, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ‘नूतन’, सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह ‘नंदू’ सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
