मेरठ: नीले ड्रम कांड में दोषी करार दी जा चुकी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को 14 अक्टूबर को सजा सुनाई जानी है। अभियोजन पक्ष ने दोनों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। सजा के ऐलान से पहले मुस्कान जेल में अपने मायके वालों से मिलना चाहती है, लेकिन परिवार ने उससे दूरी बना ली है। मेरठ जिला जेल के वरिष्ठ जेलर वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में जेल में बंद मुस्कान से पिछले 19 महीने में परिवार का कोई सदस्य मिलने नहीं आया है। अब मुस्कान परिजनों से मिलने की इच्छा जता रही है, लेकिन उसके पिता प्रमोद रस्तोगी ने साफ कर दिया है कि वह उससे नहीं मिलना चाहते।
सौरभ की हत्या के बाद मुस्कान का परिवार सामाजिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा है। पिता ने अपनी ज्वेलरी की दुकान तक बंद कर दी है। वहीं, मुस्कान के प्रेमी साहिल से उसकी नानी पुष्पा देवी अब तक सिर्फ दो बार जेल में मुलाकात करने पहुंची हैं। साहिल का भाई विनोद भी कभी-कभार उससे मिलने जेल गया है। मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने बातचीत में कहा कि परिवार उससे मिलना नहीं चाहता। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मुस्कान परिवार से मिलने की इच्छा जता रही है और वह इस संबंध में घरवालों से बात करेंगे।
हत्या के बाद परिवार ने खुद को समेटा, दुकान भी बंद की
सौरभ हत्याकांड के बाद मुस्कान के परिवार ने आसपास के लोगों से भी दूरी बना ली है। घर के दरवाजे बंद रहते हैं और परिवार के सदस्य किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते। चर्चा है कि परिवार मकान बेचकर किसी दूसरे शहर में बसने की तैयारी कर रहा है। इसी बीच प्रमोद रस्तोगी ने अपनी ज्वेलरी की दुकान भी बंद कर दी है।
साहिल की नानी ने कहा- उसने गलत किया, सजा मिलेगी
मुस्कान के प्रेमी साहिल की नानी पुष्पा देवी हत्याकांड के बाद दो बार जेल में उससे मिलने गई हैं। साहिल का भाई विनोद भी उससे जेल में मुलाकात कर चुका है। पुष्पा देवी का कहना है कि साहिल ने गलत किया है और उसे अपने किए की सजा मिलेगी।
मासूम बेटी को माता-पिता की तस्वीर देखकर आती है रोना
सौरभ और मुस्कान की बेटी अपने मम्मी-पापा को याद करती है। उसकी नानी कविता के मुताबिक, मोबाइल, अखबार या टीवी पर जब भी उसे मुस्कान या सौरभ की तस्वीर दिखाई देती है तो वह रोने लगती है।
30 सितंबर को कोर्ट ने दोनों को हत्या का दोषी माना
मेरठ के चर्चित नीला ड्रम कांड में 30 सितंबर को जिला अदालत ने फैसला सुनाया था। जिला जज अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय की अदालत ने साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पत्रावलियों के आधार पर मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी करार दिया था। दोनों की सजा पर अदालत 14 अक्टूबर को फैसला सुनाएगी।
18 मार्च 2025 को सामने आया था सनसनीखेज मामला
यह मामला 18 मार्च 2025 को सामने आया था। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में एक नीले ड्रम के भीतर सीमेंट में जमा हुआ मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने हत्या के आरोप में सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को गिरफ्तार किया था। इस वारदात ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
सौरभ के परिवार ने कहा- फांसी से कम सजा मंजूर नहीं
सौरभ के परिजनों ने कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन वे फांसी से कम किसी सजा को स्वीकार नहीं करेंगे। परिजनों का कहना है कि जिस बेरहमी से सौरभ की हत्या कर शव को नीले ड्रम में ठिकाने लगाया गया, उसके लिए दोनों दोषियों को मौत की सजा मिलनी चाहिए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए।
