प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता 16 वर्षीय किशोर बरसाना में मिला, परिवार ने केलि कुंज के बाहर दिया था धरना

वृंदावन: प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम से लापता बताए जा रहे हाथरस के सादाबाद निवासी 16 वर्षीय किशोर अनुज चौधरी को बरसाना के एक आश्रम से सकुशल बरामद कर लिया गया है। सादाबाद पुलिस किशोर से पूछताछ कर रही है। अनुज की तलाश में परिवार के लोग शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ वृंदावन पहुंचे थे और आश्रम के बाहर धरना दिया था।

परिवार का आरोप था कि अनुज के लापता होने के बाद काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल रहा था। पुलिस ने खोजबीन का भरोसा देकर परिवार और ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद करीब आठ घंटे चला धरना रात आठ बजे समाप्त हो गया था। शनिवार को अनुज के सकुशल बरामद होने की जानकारी सामने आई।

तीन जुलाई को वृंदावन के लिए निकला था किशोर

सादाबाद के गांव बरामई खेड़ा निवासी राजवीर चौधरी का बेटा अनुज 26 जून को संत प्रेमानंद से दीक्षा लेने के बाद घर लौट आया था। इसके बाद वह तीन जुलाई को दोबारा वृंदावन चला गया। इसके बाद से परिवार उसकी तलाश कर रहा था।

परिवार के अनुसार, अनुज को सादाबाद पुलिस ने बरसाना स्थित एक आश्रम से बरामद किया है। हालांकि, बरसाना से बरामदगी की इस बात की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। सादाबाद इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि किशोर को बरसाना से सकुशल बरामद कर लिया गया है।

बच्चों की तलाश में दूसरे परिवार भी आश्रम पहुंचे

अनुज के मिलने के बाद भी राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर अपने बच्चों की तलाश में पहुंचे परिवारों का सिलसिला जारी है। शनिवार को कासगंज, महाराष्ट्र और बड़ी आटस के रहने वाले किशोरों के परिजन आश्रम पहुंचे और अपने बच्चों की सकुशल वापसी की मांग की।

कासगंज निवासी मयंक सिंह चौहान के पिता चंद्रपाल सिंह के अनुसार, उनका बेटा सात अगस्त को वृंदावन जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। मयंक पॉलीटेक्निक प्रथम वर्ष का छात्र है और तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का है। पिता का कहना है कि कुछ समय से मयंक लगातार प्रेमानंद महाराज की बातें करता था।

21 जुलाई से लापता है महाराष्ट्र का ओम परमेश्वर

महाराष्ट्र की उज्वला ताकपिरे भी अपने 20 वर्षीय बेटे ओम परमेश्वर की तलाश कर रही हैं। उनके अनुसार, ओम 21 जुलाई को वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था। 23 जुलाई को उसकी मां वृंदावन पहुंची और बेटे की तलाश शुरू की।

उज्वला का दावा है कि उन्हें आश्रम के सीसीटीवी फुटेज में ओम परमेश्वर के मौजूद होने की जानकारी मिली थी, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। वह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर से बेटे की तलाश में कई बार वृंदावन आ चुकी हैं। संभाजी नगर में ओम की गुमशुदगी का मामला भी दर्ज है।

14 वर्षीय नवनीत की भी तलाश जारी

समीपवर्ती देवी आटस निवासी किशोरलाल का 14 वर्षीय बेटा नवनीत भी 10 सितंबर से लापता बताया जा रहा है। उसके परिजन भी बेटे की तलाश में राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे थे। परिवार अपने बच्चों की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं।

Related posts