लखनऊ: योगी सरकार दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और बोनस देने की तैयारी में है। वित्त विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार की इस तैयारी से प्रदेश के 12 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों और 6 लाख से अधिक पेंशनरों यानी कुल 18 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा। वहीं, विभिन्न विभागों में आउटसोर्स के जरिए काम कर रहे करीब 2.70 लाख कर्मचारियों को भी दिवाली से पहले बढ़ा हुआ मानदेय मिलने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए 3400 से 7000 रुपये तक बोनस दिए जाने का ऐलान किया जा सकता है। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने की तैयारी है। यह बढ़ोतरी जुलाई से प्रभावी होगी।
आउटसोर्स कर्मचारियों को भी बढ़े मानदेय का इंतजार
योगी सरकार आउटसोर्स पर काम कर रहे करीब 2.70 लाख कर्मचारियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है। उम्मीद है कि बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर से लागू किया जाएगा। ऐसे में अक्तूबर का बढ़ा वेतन नवंबर में मिलने पर उसमें सितंबर का एरियर भी शामिल किया जा सकता है।
सीएम योगी ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए किए थे कई ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 2 सितंबर को आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत की गई थी। इसके साथ ही यूपीकॉस के पोर्टल और वेबसाइट की शुरुआत तथा निगम के लोगो का अनावरण किया गया था।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स सेवा निगम और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौते का भी उल्लेख किया था। उन्होंने बताया था कि अब कर्मचारियों का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना, घटना या आपदा का शिकार होने पर निर्धारित श्रेणी के अनुसार परिवार को 20 से 40 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।
इलाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक मिलेंगी सुविधाएं
घोषणाओं के मुताबिक, अग्निकांड की स्थिति में 10 लाख रुपये, आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख रुपये और आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस की सुविधा के लिए 10 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान होगा। बेटे की शिक्षा के लिए 8 लाख और बेटी की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दो बेटियों की शादी के लिए भी 8 से 10 लाख रुपये तक की सहायता दिए जाने की व्यवस्था होगी। किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर बैंक के माध्यम से आउटसोर्स सेवा निगम उसके परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये उपलब्ध कराएगा।
जीरो बैलेंस पर खुलेगा खाता, परिवार को भी विशेष सुविधाएं
आउटसोर्स कर्मचारियों के बैंक खाते जीरो बैलेंस पर खोले जाएंगे। इसके माध्यम से परिवार के चार सदस्यों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि आउटसोर्स कर्मचारियों को संगठित, कुशल, सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यबल में बदलने के उद्देश्य से यह निगम शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा था कि किसी व्यक्ति को समय पर उसके अधिकार मिलने का लाभ सिर्फ उसे ही नहीं मिलता। इससे बच्चों की पढ़ाई, मां की दवा और बेटी का भविष्य भी सुरक्षित होता है। परिवार को यह भरोसा मिलता है कि उसकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।
