यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! लखनऊ-प्रयागराज को मिले नए पुलिस कमिश्नर, गृह सचिव समेत 15 वरिष्ठ IPS अफसरों के तबादले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे के शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में लखनऊ और प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही वाराणसी और गोरखपुर के एडीजी भी बदले गए हैं, जबकि गृह सचिव के पद पर भी नई नियुक्ति की गई है।

लखनऊ और प्रयागराज को मिले नए पुलिस कमिश्नर

लखनऊ में तैनात अपर पुलिस महानिदेशक तरुण गाबा को राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, वाराणसी में तैनात अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार को अब पुलिस महानिरीक्षक, मुरादाबाद पीटीएस भेजा गया है।

गृह सचिव भी बदले, आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को मिली जिम्मेदारी

सरकार ने गृह सचिव के पद पर भी बदलाव किया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में तैनात आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को नया गृह सचिव बनाया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे मोहित गुप्ता को भ्रष्टाचार निवारण संगठन में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।

कई एडीजी और वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक मुथा अशोक जैन को अग्निशमन विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। लखनऊ के पुलिस कमिश्नर रहे अमरेंद्र के सेंगर को अभिसूचना विभाग का महानिदेशक नियुक्त करते हुए पुलिस महानिदेशक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक राम कुमार को गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। तकनीकी सेवाओं के अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

अभिसूचना, तकनीकी सेवाओं और लॉजिस्टिक में भी बदलाव

अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना भगवान एस श्रीवास्तव को तकनीकी सेवाओं का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. संजीव गुप्ता को अपने मौजूदा दायित्व के साथ अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

आईजी और एसपी स्तर पर भी हुए तबादले

पुलिस महानिरीक्षक होमगार्ड धर्मवीर को पीएसी पूर्वी जोन का पुलिस महानिरीक्षक बनाकर प्रयागराज भेजा गया है। पुलिस अकादमी मुरादाबाद के महानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को लखनऊ में पुलिस महानिरीक्षक विशेष जांच बनाया गया है।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक संबद्ध मुख्यालय अनूप कुमार सिंह को आर्थिक अपराध शाखा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक संबद्ध मुख्यालय आनंद कुमार को लोक शिकायत मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती दी गई है।

 

Related posts